धमतरी

अब खुलेंगे कुरुद भाजपा के भ्रष्टाचार की पोल
07-Nov-2022 3:51 PM
अब खुलेंगे कुरुद भाजपा के भ्रष्टाचार की पोल

नपं अध्यक्ष एवं कांग्रेस अध्यक्ष ने ली प्रेस वार्ता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुरूद,  7 नवंबर।
लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने वाली कांग्रेस ने विरोध में उठने वाली आवाज को हमेशा तरजीह दी है, लेकिन कुरूद के भाजपाईयों ने विरोध के नाम पर न्यायालिन आदेश की अवहेलना कर अधिकारियों के साथ दुर्व्यवहार कर नगर की संस्कृति को कलंकित करने का काम किया है, जिसकी हम निंदा करते हैं, उक्त बातें नपं अध्यक्ष ने प्रेस वार्ता में पत्रकारों से कही।
ज्ञात हो कि सब्जी बाजार में बने एक पुराने चबूतरों को तोडक़र वहां शापिंग काम्प्लेक्स बनाने के नाम पर कांग्रेस और भाजपा में ठन गई है।  

रविवार शाम मंगल भवन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चन्द्राकर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आशीष शर्मा ने बताया कि वार्ड क्रमांक 3 नया बाजार में न्यायालय कलेक्टर के आदेश के बाद एक पुराने चबूतरे को तोडक़र बेरोजग़ारों के लिए दुकान बनाने का विरोध भाजपा द्वारा किया जा रहा है। जबकि उक्त स्थान को कभी भी किसी फुटकर व्यवसायियों को आबंटित किया गया है और न ही किसी ने उसका कोई टेक्स जमा कराया है। नपं अध्यक्ष श्री चंद्राकर ने बताया कि पुरी तरह से अनुपयोगी खाली पड़े चबूतरे की जगह दुकान बना निकाय की आय बढ़ाने और दस बेरोजग़ारों को आत्मनिर्भर बनाने का फैसला परिषद ने लिया था, लेकिन कुछ लोगों को गुमराह कर स्टे ले लिया गया, लेकिन अदालत में मुंह की खाने के बाद भाजपाई स्तर हीन राजनीति कर रहे हैं। 15 वार्डों में से 14 जीतकर नपं अध्यक्ष बने तपन का कहना है कि हमारे अच्छे कामों का विरोध करने वाले भाजपाईयों ने बीस साल तक नगर में विकास के नाम पर जमकर भ्रष्टाचार किया है, अब उनकी सब पुरानी फाईल खोल कर जनता के सामने इन्हें बेनकाब किया जायेगा।

शापिंग काम्प्लेक्स के मुद्दे पर सोमवार को कुरूद बंद को लेकर पूछे गए सवाल पर तपन ने कहा कि एक पूर्व मंत्री के दबाव में व्यापारियों ने बंद को  समर्थन दिया है। इस मौके पर में पार्षद, कांग्रेस कार्यकर्ता,  मौजूद थे।
 


अन्य पोस्ट