धमतरी

धनतेरस पर चमका बाजार, बरसा धन
22-Oct-2022 6:55 PM
धनतेरस पर चमका बाजार, बरसा धन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

धमतरी, 22 अक्टूबर। धनतेरस पर शनिवार को बाजार में जमकर धन बरसा। सराफा, कपड़ा, आटोमोबाइल, बर्तन दुकानों में देर-शाम तक खरीदी होती रही। पुष्य नक्षत्र में जहां से बिक्री बंद हुई थी, वहीं से फिर शुरू हो गई। सराफा व्यवसाय में लगभग 10 करोड़ रुपये के बिजनेस का अनुमान है।

शाम को घर, दुकान के सामने 13 दीये जलाकर धन के देवता कुबेर से सुख समृद्धि की कामना की गई। बच्चों ने पटाखे फोडक़र खुशियां मनाई। पौराणिक मान्यता के चलते धनतेरस के दिन सोने-चांदी, पीतल, तांबा खरीदने से आयु तथा धन बढ़ता है। धनतेरस के दिन चांदी के सिक्के, पीतल, कांसे के बर्तन, वाहन खरीदने की मान्यता के चलते लोगों ने खूब खरीदारी की। सराफा व्यवसायियों के अनुसार जिन लोगों ने पहले ही आभूषणों की बुकिंग करा रखी थी, वे शुभ समय पर आभूषण ले गए। नेकलेस, सोने के कंगन, मंगलसूत्र, सोने की अंगूठी, सोने व चांदी के सिक्के खूब बिके। पुष्य नक्षत्र में बर्तनों की जितनी बिक्री हुई थी, उससे दोगुना धनतेरस में हुई। पीतल, कांसा तथा तांबा के पात्र खूब बिके। एक अनुमान के मुताबिक धनतेरस में बर्तनों में लगभग 50 लाख रुपये तक का व्यवसाय हुआ।

5 करोड़ रुपये के वाहनों की हुई बिक्री

दीपावली पर्व के शुभ अवसर पर लोग ज्वेलरी आइटम, इलेक्ट्रानिक सामान, वाहन की खरीदारी करना शुभ मानते हैं। यही कारण है कि साल के सबसे बड़े त्यौहार में जमकर खरीदारी होती है। जिले में वाहन बाजार में 5 करोड़ रुपये से अधिक की खरीदी बिक्री धनतेरस पर हुई है। कुरूद, सिहावा, नगरी, भखारा, आमदी- पलारी सहित अन्य स्थानों के शोरूम में भी 15 से 20 वाहनों की बिक्री होने की जानकारी मिली है।

250 क्विंटल मिठाई की खपत का अनुमान

दीपावली पर्व की खुशियां पर लोग एक-दूसरे को मिठाई  बांटते व मिठाई खरीदते हैं। दुकानदारों की माने तो इस बार लगभग 250 क्विंटल मिठाई की खपत हो जाएगी। बाजार में स्पेशल मिठाई के रूप में अंजीर की बर्फी, मेवा लड्डू लोगों को लुभाएगा। ज्यादातर लोग परंपरागत मिठाई में चमचम, लड्डू, काजू कतली, मैसूर पाक, गुलाब जामुन, चूरमा, नारियल बर्फी, नारियल पेड़ा खरीदते हैं। इस बार विशेष मिठाई के रूप में मेवा लडू, अंजीर बर्फी बनाई गई है, जो लोगों को काफी पसंद आएगी।


अन्य पोस्ट