धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 अगस्त। ज्ञान अमृत इंग्लिश स्कूल में कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं राधाकृष्ण, देवकी, वसुदेव, नंद और यशोदा का वेश भूषा धारण करके स्कूल पहुंचे थे।
मुख्य अतिथि समाजसेवी गौतम चोपड़ा एवं अध्यक्षता ज्ञान अमृत उच्चतर माध्यमिक शाला के प्राचार्य विनोद पांडेय ने किया। रंग-बिरंगे परिधान से सुसज्जित बच्चे जो राधा कृष्ण के रूप में उपस्थित थे। उनकी आरती अतिथियों द्वारा की गई। मटका सजाओ, कृष्ण झूला सजाओ, नृत्य एवं राधा कृष्ण सजाओ प्रतियोगिता आयोजन भी किया गया एवं कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को मुख्य अतिथि गौतम चोपड़ा द्वारा पुरस्कृत किया।
मुख्य अतिथि गौतम चोपड़ा ने छात्र-छात्राओं को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी। कहा कि कृष्ण जन्माष्टमी हिंदुओं का एक महत्वपूर्ण त्यौहार है। इस दिन श्री कृष्ण का जन्म हुआ था। भगवान कृष्ण भगवान विष्णु के सबसे शक्तिशाली अवतारों में से एक है। यह अवतार का उद्देश्य धर्म की स्थापना और बुराई को समाप्त करना था। उन्होंने पूरी दुनिया को प्रेम का संदेश दिया।


