धमतरी

अवैध संबंध: हत्या कर उफनती नदी में फेंका शव, माह भर बाद आरोपी गिरफ्तार
20-Aug-2022 2:39 PM
अवैध संबंध: हत्या कर उफनती नदी में फेंका शव, माह भर बाद आरोपी गिरफ्तार

टिपानी घाट के पास मिली थी युवक की लाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 अगस्त।
महीनेभर पहले खारुन नदी में मिली एक युवक की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। उसकी गला घोंटकर लाश फेंकी गई है। यह वारदात अवैध संबंध के चलते सोसायटी के सेल्समैन ने की थी। पुलिस ने हत्या आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।

भखारा पुलिस के मुताबिक 20 जुलाई को खारुन नदी में टिपानी घाट के पास विजय साहू निवासी निपानी की लाश मिली थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। जांच में खुलासा हुआ कि उसकी हत्या हुई है। इसके बाद पुलिस ने अश्विनी (38) पिता लाला प्रसाद पांडे के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया। एफआईआर के बाद आरोपी फरार था। भखारा व रानीतराई पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शुक्रवार को फरार अश्विनी पांडे को पुलिस ने गिरफ्तार किया।

अवैध संबंध का राज छिपाने विजय की हत्या
भखारा टीआई शंकर लाल नवरत्न ने बताया कि आरोपी अश्विनी पांडे निवासी निपानी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक विजय साहू की पत्नी से अवैध संबंध थे। इसकी जानकारी उसे हो गई। 18 जुलाई की शाम करीब 6.30 बजे विजय शराब पीकर घर लौट रहा था।

खारुन नदी पुल पर अश्विनी पांडे से मुलाकात हो गई। दोनों के बीच विवाद हुआ। गुस्से में आकर अश्विनी ने रुमाल से विजय का गला घोंट दिया। फिर नदी में फेंक कर भाग गया। यह घटना कुछ लोगों ने देखी भी थी, हत्या के बाद से ही पुलिस आरोपी को ढूंढ रही थी।
 


अन्य पोस्ट