धमतरी

भाजपा जिलाध्यक्ष पर तिरंगे के अपमान का आरोप,
05-Aug-2022 2:04 PM
भाजपा जिलाध्यक्ष पर तिरंगे के अपमान का आरोप,

 कांग्रेसियों ने धमतरी बंद कराने किया प्रयास, हाईवे पर प्रदर्शन  

 देर-रात कोतवाली थाने का कांग्रेसियों ने किया था घेराव, 2 घंटे के हंगामे के बाद केस दर्ज करने का मिला आश्वासन 
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
 धमतरी, 5 अगस्त। 
कांग्रेसियों ने गुरुवार देर-रात को सिटी कोतवाली थाने का घेराव किया। भाजपा जिलाध्यक्ष शशि पवार के खिलाफ नारेबाजी कर हंगामा किया। दूसरे दिन आज सुबह से कांग्रेसियों ने धमतरी बंद करने निकले। भाजपा जिलाध्यक्ष शशि पवार को गिरफ्तार करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। व्यापारियों से दुकानें बंद कराते रहे। सिहावा चौक पर नेशनल हाईवे पर चक्काजाम किया।

कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि 2 अगस्त को भाजपा की तिरंगा पदयात्रा में जिलाध्यक्ष शशि पवार ने तिरंगा झंडा उल्टा पकड़ कर चल रहे थे। उन्होंने तिरंगा झंडा का अपमान किया है। गिरफ्तारी नहीं होने पर आज धमतरी बंद कराने का प्रयास कांग्रेसियों ने किया। 
शहर में सुबह 7 बजे से धमतरी बंद कराने कांग्रेसी सडक़ों पर घुमते रहे। इसके बाद दोपहर करीब 12.30 बजे रायपुर-जगदलपुर नेशनल हाईवे पर सिहावा चौक के पास चक्काजाम किया। कांग्रेसियों ने हंगामा किया। पुलिस अफसरों के अलावा एसडीएम, तहसीलदार ने समझाने की कोशिश की।
 

जिलाध्यक्ष पर केस दर्ज
कोतवाली टीआई शेरसिंह बंदे ने बताया कि कांग्रेसियों ने भाजपा जिलाध्यक्ष शशि पवार पर तिरंगे झंडा अपमान का आरोप लगाया है। उच्च अधिकारी के निर्देश पर शशि पवार के खिलाफ राष्ट्र गौरव अपमान निवारण अधिनियम, 1971 पर धारा (2) केस दर्ज किया जा रहा है।
व्यापारियों में कांग्रेसियों के खिलाफ आक्रोश इधर रक्षा बंधन जैसे विशेष पर्व के हफ्तेभर पहले धमतरी बंद कराने को लेकर व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारी मोहित पटेल, गणेश नामदेव, भावेश गंगबेर, गौतम कैलाश ने कहा कि कोरोना के 2 साल बाद व्यापारी मंदी से उबरे है। अब राजनीतिक विवाद में धमतरी बंद कराकर व्यापार को कुचलने का प्रयास किया जा रहा है। व्यापारी रक्षाबंधन के ऐन मौके पर दुकानें बंद करेंगे, तो व्यापार ठप होगी। मंदी में आर्थिक स्थिति पहले से खराब है। धमतरी बंद कराना यह सिर्फ राजनीति है। व्यापारी इसका विरोध करते है। 

 


अन्य पोस्ट