धमतरी

आयुक्त ने जलभराव क्षेत्र, मणिकंचन केंद्र, मकई गार्डन का किया निरीक्षण
20-Jun-2022 2:48 PM
आयुक्त ने जलभराव क्षेत्र, मणिकंचन केंद्र, मकई गार्डन का किया निरीक्षण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 जून।
आयुक्त विनय कुमार ने आज सुबह 6.30 बजे निगम के आला अधिकारियों के साथ नालों के सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। निगम द्वारा बरसात पूर्व नालों की सफाई का कार्य कराया जा रहा है।
आयुक्त ने अधिकारियों के साथ जल भराव क्षेत्र स्टेशन पारा, बठेना वार्ड, अमापारा वार्ड की स्थित नालों के साथ ही विभिन्ना नालों के सफाई कार्यो का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मानसून आ गया, इसलिए नालों की सफाई के कार्य में तेजी लाएं। सभी बड़े नालों व नालियों की सफाई हो। ताकि कहीं पर भी जलभराव की स्थिति पैदा न हों।

आयुक्त ने वार्ड अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि अपने-अपने प्रभार वार्डों के नालियों की एक बार संपूर्ण सफाई होने के बाद समय-समय पर नालों की स्वच्छता पर नजर रखें। जहां कहीं भी कचरा एकत्र होने की स्थिति बनती है, उसकी पुन: सफाई कराएं। निगम द्वारा अन्य नालों की सफाई कार्य पूर्ण कराया जाना सुनिश्चित करें।

मकई गार्डन का किया निरीक्षण
मकई गार्डन, चौपाटी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मकई गार्डन में अव्यवस्था से नाराजगी जाहिर करते हुए संबंधित ठेकेदार को गार्डन को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। साथ ही चौपाटी स्थल को प्रतिदिन सफाई कराते हुए दुकानदारों को सफाई रखने अन्यथा जुर्माना करने के निर्देश अधिकारियों को दिया।

जालमपुर मणिकांचन केंद्र का किया निरीक्षण
सभी मणिकंचन केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। आज जालमपुर स्थित मणिकंचन केंद्र का जायजा लिया। स्वच्छता दीदियों को हौसला अफजाई किया। उन्होंने मणिकंचन केंद्र की पुताई कराने का निर्देश अधिकारियों को दिया।


अन्य पोस्ट