धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 20 जून। मिट्टी की जर्जर दीवार गिरने से एक कॉलेज छात्रा की दबकर मौत हो गई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। यह मामला शहर के मकेश्वर वार्ड का है।
रविवार को सुबह 11 बजे कांग्रेस नेता सुरेश शर्मा की बेटी प्रिया उर्फ अन्नू शर्मा (19) घर का कामकाज करने के बाद अपने कमरे में लेटी थी। दोपहर 12 बजे अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू हुई। इसी दौरान अचानक मिट्टी की दीवार उस पर गिर गई। दीवार का एक बड़ा हिस्सा उस पर गिरने से वह इसमें दब गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
द्वितीय वर्ष की थी छात्रा
मृतक प्रिया शर्मा घर में 3 बहन और एक भाई में सबसे छोटी थी। वह गल्र्स कॉलेज में सेकेंड ईयर की छात्रा थी। परिजनों ने उसे पढ़ा-लिखाकर शासकीय नौकरी कराने का सपना देखा था, लेकिन ईश्वर को कुछ और ही मंजूर था। घटना के बाद आसपास के लोग दौड़े चले आए। खबर पाकर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।
परिजन बनवा रहे थे दूसरे घर
मृतक के पिता सुरेश शर्मा का मकान अति जर्जर हो गया था। इस साल उसने मकान को नए सिरे से बनाना भी शुरू कर दिया था। इस बीच यह घटना हो जाने से परिवार काफी सदमे में है। बहरहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर अपनी जांच शुरू कर दी है।


