धमतरी

रैली निकाल कर पहुंचे थाना, 80 लोगों ने दी गिरफ्तारी
18-Jun-2022 4:23 PM
रैली निकाल कर पहुंचे थाना, 80 लोगों ने दी गिरफ्तारी

आदिवासियों ने आरोपियों को गिरफ्तार करने किया जेल भरो आंदोलन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 धमतरी, 18 जून।
पाटेश्वर धाम में आदिवासियों के साथ मारपीट करने वाले आरोपियों को गिरफ्तार करने समेत 3 सूत्रीय मांगों को लेकर आदिवासियों ने जेल भरो आंदोलन किया। इसके तहत 80 लोगों ने अपनी गिरफ्तारी दी। रामलीला मैदान में धरना देने के बाद सभी रैली की शक्ल में गांधी मैदान पहुंचे और एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

सर्व आदिवासी समाज के प्रांतीय आह्वान पर शुक्रवार को दोपहर 3 बजे शहर में जेल भरो आंदोलन किया गया। रामलीला मैदान में कार्यकारी अध्यक्ष महेश रावटे की अगुवाई में आदिवासियों ने धरना भी दिया।
उन्होंने कहा कि गत दिनों जामड़ी पाटेवर धाम में आदिवासियों के साथ मारपीट की घटना घटित हुई, जिसे लेकर समाज में गहरा रोष हैं। आदिवासी स्वाभिमानी होते हैं। स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वालों को कभी माफ नहीं किया जा सकता। उन्होंने सिलगेर में आदिवासियों की हत्या, हसदेव अरण्य क्षेत्र में पेड़ों को काटे जाने पर भी कड़ी आपत्ति जताई।

नगरी तहसील अध्यक्ष उमेश देव, कोषाध्यक्ष देवराज नेताम ने कहा कि आदिवासी समाज इन तीनों मुद्दों को लेकर कलेक्टर-एसपी से लेकर मुख्यमंत्री और राज्यपाल तक से शिकायत कर चुका है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि आदिवासियों की अस्मिता से खिलवाड़ करने वालों को समय आने पर सबक सिखाया जाएगा। महिला प्रभाग की प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्रकला नेताम तथा बसपा जिलाध्यक्ष आशीष रात्रे ने कहा कि सिगलेर में जो निर्दोष आदिवासियों को मारा गया है उनको न्याय दिया जाए। शासन द्वारा उनके परिवार को अनुकंपा नियुक्ति और प्रशासन द्वारा कुछ राशि दिया जाए। अब तक एक साल हो गया है और उनको कोई भी सहायता राशि नहीं दिया गया है। 


अन्य पोस्ट