धमतरी
विश्व पर्यावरण दिवस पर कल्पतरू डिजिटल एप की ऑनलाइन लॉन्चिंग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 6 जून। कृषि एवं ग्राम विकास विभाग और आध्यात्मिक संस्था प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस मनाया गया। विधायक रंजना साहू व कलेक्टर पीएस एल्मा ने अनूठा पौधरोपण अभियान कल्पतरू का डिजिटल शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अपने-अपने मोबाइल में कल्पतरू एप डाउनलोड कर एक-एक पौधा रजिस्टर किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रंजना साहू थी। उन्होंने कहा कि संस्थान द्वारा पर्यावरण को बचाने के लिए कल्पतरु एप के जरिए पूरे भारत में 40 लाख पौधे लगाने का जो संकल्प लिया है, वह बहुत प्रशंसनीय है। कल्पतरु एप की ऑनलाइन लॉन्चिंग पर कार्यक्रम की अध्यक्षता कलेक्टर पीएस एल्मा ने की। उन्होंने संस्थान द्वारा चलाए जाने वाले अभियान की प्रशंसा की। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति को किसी न किसी माध्यम से प्रकृति और पर्यावरण को, संरक्षित करने, बचाए रखने के लिए आगे बढऩे का आह्वान किया।
75 दिन रख-रखाव की ली जाएगी जानकारी
कार्यक्रम के उद्देश्य को ब्रह्माकुमारी प्राजक्ता ने बताया। उन्होंने कहा कि सभी को एक ही पौधा लगाना है, जिसे कल्पतरू एप के जरिये मोबाइल में रजिस्टर करना है। साथ ही 75 दिनों तक प्रतिदिन उनकी रख-रखाव की जानकारी ली जाएगी। जीवन मूल्य बढ़ाने के लिए इनाम के रूप में नैतिक मूल्य दिया जाएगा।
75 दिन पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा
ब्रह्माकुमारी सरिता दीदी ने कहा कि संस्था द्वारा 5 जून को 50वां पर्यावरण दिवस मनाया गया। 5 जून से 25 अगस्त तक 75 दिन ये पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा।
इस प्रकार पूरे भारत वर्ष में एक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसका भरण-पोषण करेगा, बच्चे की तरह गोद लेकर उसका संरक्षण करेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों ने गमले में पौधा लगाकर सभी को पौधरोपण करने के लिए प्रेरित किया।


