धमतरी

जंगली सुअर के हमले से किसान की मौत, दो घायल
05-Jun-2022 2:41 PM
जंगली सुअर के हमले से किसान की मौत, दो घायल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी,  5 जून।
कल खेत में काम करने गए एक किसान पर जंगली सुअर ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से गैती का नुकीला हिस्सा उसके सिर में लग गया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, अन्य घटना में हटकेशर वार्ड में सुअर के हमले से 2 लोग घायल हो गए।

शहर समेत आसपास गांवों में जंगली सुअर का आतंक मचा हुआ है। जंगली सुअर ने अर्जुनी थाना के परेवाडीह (देमार) में एक किसान पर हमला कर दिया। बताया गया है कि किसान गैंदलाल साहू (42) पिता रेखराम अपने खेत में काम करने के लिए गया था। गैंती के सहारे वह मेड़ बनाने का काम कर रहा था, तभी पीछे से एक जंगली सुअर ने हमला कर दिया।

अचानक हुए हमले से वहां रखी गैंती की नोक सिर में चुभ गई। सुअर ने उस पर ताबड़तोड़ कई बार हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी चीख पुकार सुनकर आसपास काम कर रहे मजदूरों ने बीच बचाव किया। धमतरी के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सुबह साढ़े 7 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने वन विभाग की फार्मेल्टी के बाद पंचनामा और पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया।

शहर के 2 लोगों पर सुअर का हमला
शहर के हटकेशर वार्ड में 2 लोगों पर हमला कर दिया। किसान खूब लाल पटेल (40) पिता द्वारका अपनी पत्नी के साथ सब्जी बाड़ी में काम कर रहा था, तभी पीछे से दौड़ते हुए जंगली सुअर आया और उस पर हमला कर दिया। इससे उसके पीठ और जांघ में गंभीर रूप से चोटें आई है। किसी तरह भाग कर उसने अपनी जान बचाई। इसके बाद नागदेव मंदिर के सामने गली में सुअर ने कृष पटेल (20) पिता मयाराम को घायल कर दिया।
 


अन्य पोस्ट