धमतरी

किसान सम्मान निधि: जिले के 1.03 लाख किसानों के खातों में आए 27.27 करोड़
01-Jun-2022 3:10 PM
किसान सम्मान निधि: जिले के 1.03 लाख किसानों के खातों में आए 27.27 करोड़

वीसी में शामिल हुए कलेक्टर-अफसर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 1 जून।
गरीब कल्याण सम्मेलन का आयोजन हुआ। शिमला हिमाचल प्रदेश में हुए इस कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देश के सभी जिलों को जोड़ा गया। प्रसारण के दौरान कलेक्टर पीएस एल्मा भी जुड़े। कृषि विज्ञान केन्द्र संबलपुर में कार्यक्रम कर पंजीकृत किसानों को सामग्री वितरित की गई।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री ने शिमला, हिमाचल प्रदेश से जुडक़र गरीब कल्याण सम्मान सम्मेलन एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लोगों के साथ सीधा संवाद किया। कलेक्टर के साथ जिला पंचायत सीईओ प्रियंका महोबिया एवं अन्य संबधित विभागों के अधिकारियों ने वीसी से जुडक़र इसमें हिस्सा लिया। कृषि विज्ञान केन्द्र में किसानों को सामग्री वितरित की गई।

उप संचालक कृषि ने बताया कि योजना में जिले के 1 लाख 3 हजार 741 पंजीकृत किसानों के खातों में 27 करोड़ 27 लाख 56 हजार रुपए की राशि केन्द्र सरकार द्वारा जारी की गई है। इसमें 11वीं किश्त के अलावा पंजीकृत किसानों में से किसी वजह से छूटे हुए किसान भी शामिल हंै।

कृषि विज्ञान केन्द्र में विधायक ने बांटी सामग्री गरीब कल्याण सम्मेलन कार्यक्रम के दौरान कृषि विज्ञान केंद्र संबलपुर (धमतरी) में खरीफ-पूर्व किसान मेला का आयोजन किया गया, इसमें मुख्य अतिथि धमतरी विधायक रंजना साहू शामिल हुईं।

8 गांवों के किसानों को सामग्री वितरण

प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद उपस्थित 8 गांवों के पंजीकृत किसानों को सामग्री वितरित की गई। उद्यानिकी विभाग की ओर से 5 किसानों को 10 प्रकार के सब्जी-बीज मिनी किट दिए गए।
इसमें भिंडी, बरबट्टी, सेम, गिलकी, टमाटर, पालक, मेथी, हल्दी, अमारी भाजी और जिमीकंद के बीज और सब्जी थरहा के तौर पर लौकी, गिलकी, बैंगन एवं खीरा के पौधे किसानों को बांटे गए।

केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. शक्ति वर्मा ने बताया कि कृषि विज्ञान केन्द्र की ओर से उत्कृष्ट पांच किसानों को प्रशस्ति-पत्र दिए गए, साथ ही कटहल, काजू, अमरूद और आंवला के 500 पौधे और अतिथियों एवं सभी आगंतुकों को पपीते की रेड लेडी वैरायटी के 500 पौधे बांटे गए।
 


अन्य पोस्ट