धमतरी

गर्म हवा के थपेड़ों से जनजीवन पर पड़ा असर, देर-शाम बारिश की संभावना
23-May-2022 2:58 PM
गर्म हवा के थपेड़ों से जनजीवन पर पड़ा असर, देर-शाम बारिश की संभावना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 23 मई।
सूरज की प्रचंड किरणों के चलते इस साल पिछले 15 सालों के गर्मी का रिकार्ड टूट गया है। तेज गर्मी और गर्म हवाओं के चलते लोग परेशान है। जमीन में करीब 10 से 11 घंटे तक सूरज की किरणें पडऩे से हर वर्ग के लोग गर्मी से परेशान है।

मई का महीना शुरू होने के साथ ही सूरज की किरणों ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया था। सोमवार को सुबह से ही गर्मी का अहसास होना शुरू हो गया था। सुबह 8 बजे के बाद सूरज की तेज किरणें चुभने लगी थी। दोपहर बाद गर्म हवाओं के चलने से नेशनल हाइवे समेत शहर की सडक़ें सूनी हो गई थी। सुबह दिन का तापमान जहां 39 डिग्री रहा, वहीं दोपहर में तापमान में 2 डिग्री का इजाफा हो गया। इस तरह 41 डिग्री तापमान होते ही झुलसा देने वाली गर्मी से दिनभर लोग हलाकान रहे। गर्मी से बचने लोग अपने घरों में कूलर का सहारा ले रहे हैं। इसके बाद भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही।

नींबू और पेय पदार्थों की बढ़ी डिमांड
पिछले कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी से निजात पाने के लिए अब लोग नींबू पानी समेत अन्य शीतल पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं। शायद इसी का नतीजा है कि पहली बार नींबू 3 सौ रुपए प्रति किलो के भाव से बिक रहा है। इसके अलावा बर्फ वाला गन्ना रस 10 रूपए तथा मैंगो शेक 20 रुपए प्रति गिलास के भाव से बिक रहा है।

देर-रात अंधड़, बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने बताया कि आज एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पडऩे की संभावना है। प्रदेश में एक-दो स्थानों पर अंधड चलने के आसार है। अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है। वर्तमान में एक उत्तर-दक्षिण द्रोणिका दक्षिण-पश्चिम राजस्थान से झारखंड तक 0.9 किमी ऊंचाई तक स्थित है। वहीं एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा तटीय ओडिशा के पास 2.1 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है।
 


अन्य पोस्ट