धमतरी

त्रिकोणीय प्रेम संबंध : युवक को नहर में फेंका, 2 नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार
28-Apr-2022 8:41 PM
त्रिकोणीय प्रेम संबंध :  युवक को नहर में फेंका, 2 नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 28 अप्रैल।
रुद्री नहर में डूबे युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया है। त्रिकोणीय प्रेम संबंधों के कारण युवक उसकी हत्या हुई। तीन आरोपियों में दो नाबालिग बालक शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक भावेश देवांगन की मृत्यु के संबंध में उसके पिता जितेंद्र देवांगन कोदागांव जिला कांकेर ने हत्या की आशंका जाहिर की थी।  

घटना की परिस्थितियों के आधार पर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रशांत ठाकुर द्वारा तत्काल जांच हेतु टीम गठित करने के लिए निर्देशित किया गया, जिसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निवेदिता पॉल के द्वारा राजपत्रित अधिकारी जी.सी. पति उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं आर. के.मिश्रा डीएसपी. नक्सल ऑपरेशन के पर्यवेक्षण में टीम गठित कर तत्काल जांच के आदेश दिया गया था।

टीम द्वारा घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान जितेंद्र देवांगन खिलेश्वर देवांगन, मोहित शार्दुल, फैजल खान, समीर अली ने बताया कि 23 अप्रैल को सुबह करीब 10.30 बजे भावेश देवांगन उमाशंकर नागे एवं अन्य दो नाबालिग लडक़ों के साथ अपने मोटरसाइकिल से घर कोदागांव से निकला था, जो वापस नहीं आने पर भावेश के पिता एवं परिवार मित्रों द्वारा कांकेर व आसपास रिश्तेदारों के यहां तलाश किया गया, जो नहीं मिला।

मोहित शार्दुल ने बताया कि भावेश का उमाशंकर नागे के साथ एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग को लेकर विवाद हुआ था एवं उमाशंकर से दूरभाष से संपर्क करने पर जगदलपुर में होना बताया, जबकि कांकेर में ही रात को देखा गया था। जिस पर संदेह गहराया।

 पूछताछ में तीनों संदेहियों ने हत्या करना स्वीकार किया एवं बताया कि जिस नाबालिग युवती के साथ आरोपी  उमाशंकर नागे का करीब 3 वर्षों से प्रेम प्रसंग चल रहा था, विगत 4 माह से भावेश देवांगन का उक्त युवती से प्रेम प्रसंग हो गया था। इसी वजह से कांकेर में दोनों का विवाद भी हुआ था। उसने भावेश देवांगन को धमकी भी दी थी।

पुलिस को उमाशंकर नागे ने बताया कि अपने दो अन्य नाबालिग साथी के साथ मिलकर योजनाबद्ध तरीके से हत्या की। घटनास्थल रुद्री नहर के पास भावेश को शराब पिलाकर उसने उसके कपड़े उतार कर नशे की हालत में नहर के गहरे पानी में हत्या करने की नीयत से धकेल दिया एवं उसका मोबाइल एवं पहने कपड़े को नहर के बहते पानी में फेंक दिया गया एवं भावेश के मोटरसाइकिल एवं अन्य नाबालिग के मोटरसाइकिल  को लेकर ग्राम मोंदे, थाना कोरर, जिला-कांकेर के जंगल में घटना के साक्ष्य छुपाने की आशय से योजनाबद्ध तरीके से जला दिया गया।

रुद्री पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया एवं जला हुआ मोटरसाइकिल भी जब्त किया।

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक विनय कुमार,सउनि.राकेश मिश्रा, सउनि.प्रदीप सिंह, सउनि.सूरजपाल साहू, प्रआर. राजकुमार सोनी, प्रआर. हरीश साहू, आर.योगेश साहू, आर.कमल जोशी का विशेष योगदान रहा ।


अन्य पोस्ट