धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
धमतरी, 27 अप्रैल। छत्तीसगढ़ मनरेगा कर्मचारी महासंघ के तत्वावधान में 4 अप्रैल से यह कर्मचारी निरंतर हड़ताल पर है 12 अप्रैल से मां दंतेश्वरी के प्रांगण दंतेवाड़ा से रायपुर तक 390 किलोमीटर की दूरी पैदल तय करने का संकल्प लेकर 40 डिग्री तापमान में निकले यह कर्मचारी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी को अपना आदर्श मानते हुए दांडी यात्रा कर रहे हैं।
इनकी दांडी यात्रा के 12 दिन पूर्ण हो चुके हैं, जिसमें उन्होंने अब तक कुल 325 किलोमीटर की यात्रा पैदल चलकर धमतरी जिले के ग्राम पंचायत कंडेल पहुंचे हैं। यह वही कंडेल ग्राम है जहां बाबू छोटेलाल श्रीवास्तव के नेतृत्व में नहर सत्याग्रह के समर्थन में 21 दिसंबर 1920 को महात्मा गांधी छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर पर कदम रखकर छत्तीसगढ़ में राष्ट्रीय चेतना की अलख जगाई।
यह तस्वीर बता रही है कि छत्तीसगढ़ में गांधी जी के विचार वर्तमान दौर में भी कितने जन-जन के हृदय और छत्तीसगढ़ की माटी के कण-कण में दिव्यमान हैं। गांधी जी ने नमक कानून के विरोध में दांडी यात्रा निकाली थी, यह मनरेगा कर्मचारी भी विगत 15 वर्षों से संविदा में कार्य कर रहे हैं। प्रतिवर्ष इनकी कार्य का आकलन के आधार पर सेवावृद्धि का प्रावधान है, प्रतिवर्ष इनको अपनी नौकरी खो जाने का डर लगा रहता है।
इनका कहना है कि दांडी यात्रा इसी भय से मुक्ति का आंदोलन है, संविदा प्रथा का अंत होना चाहिए। इसी लक्ष्य को लेकर हम गांधी जी के पद चिन्हों पर चलकर दांडी मार्च शांतिपूर्ण तरीके से कर रहे हैं ताकि हमारी आवाज शासन -प्रशासन तक पहुंचा सके। 78 लोगों की टीम बनाकर दंतेवाड़ा से शुरू की गई यात्रा अब धीरे-धीरे जनसैलाब में बदल रही है, जिस जिले से यह यात्रा गुजर रही है उस जिले के मनरेगाकर्मी इस यात्रा से जुड़ते जा रहे हैं, उनका स्वागत कर रहे हैं, दंडवत प्रणाम कर रहे हैं। पंचायत के जनप्रतिनिधि शीतल पेय, शरबत, नाश्ता और खाने की व्यवस्था कर रहे हैं ।
इस यात्रा से 28 जिलों के संविदाकर्मियों को यह विश्वास हो चला है कि हम गांधी जी की तरह ही अपने लक्ष्य को अहिंसा के मार्ग पर चलकर प्राप्त कर सकते हैं। प्रदेश भर के मनरेगा कर्मी दूर-दूर से ग्राम कंडेल पहुंच रहे हैं।