धमतरी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 22 अपै्रल। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में 21 अप्रैल को सिविल अस्पताल नगरी में प्रात: 10 से सायं 5 बजे तक विशाल नि:शुल्क स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डॉ लक्ष्मी ध्रुव, अध्यक्षता डॉ डी आर ठाकुर बीएमओ नगरी के द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में लखनलाल ध्रुव, भूषण साहू, महेंद्र ध्रुव, भरत निर्मलकर, जितेंद्र, कुंज बिहारी देव, के के कशयप,परसादी राम, प्रफुल्ल अमतिया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दरम्यान डॉ डी आर ठाकुर बी एमओ नगरी ने स्वास्थ्य मेले के आयोजन के उद्देश्य के बारे में बताते हुए कहा कि देश की आजादी के 75 वे वर्ष को भारत सरकार के द्वारा इसे पूरे वर्ष अमृत महोत्सव के रूप में मना रही है, जिसमें विविध प्रकार के जन कल्याण की गतिविधियों स्थानीय राज्य सरकारों के सहयोग से की जा रही, इसी कड़ी में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत पूरे छत्तीसगढ़ में 18 से 22 अप्रैल के मध्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले में स्थानीय जनमानस को विविध प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हुए उनकी आवश्यक काउंसलिंग की जा रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित हितग्राहियों का डिजिटल हेल्थ आईडी कार्ड और आयुष्मान भारत कार्ड बनाये जाने पर विशेष फोकस किया जा रहा है, साथ ही गम्भीर बीमारियों पर उच्च रेफरल संस्थाओं के चिकित्सकों से टेली कंसल्टेशन किया जाना है।
विधायक डॉ लक्ष्मी ध्रुव स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित स्वास्थ्य मेले की तारीफ करते हुए कहा कि जन स्वास्थ्य का मुद्दा सर्वप्रथम है और इस प्रकार के स्वास्थ्य मेलो का आयोजन होते रहना चाहिए, इससे स्वास्थ्य और सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे हितग्राहियों तक पहुंचते इससे लोगों का आशीर्वाद भी प्राप्त होता है, आज के जीवन में गैर संचारी रोग जैसे बीपी सुगर कैंसर जैसी बीमारियों का प्रसार काफी तीव्रता से हो रहा है जिसका सबसे कारण है अस्वस्थ्य मानव जीवन शैली, लोग नियमित और स्वस्थ्य जीवन शैली अपनाकर गैर संचारी रोग से बच सकते है।
कार्यकम का संचालन विकासखण्ड कार्यक्रम प्रबंधक हितेंद्र कुमार साहू के द्वारा किया गया, उन्होंने प्रेस को अवगत कराया कि आजादी के अमृत महोत्सव के दरम्यान विकास खण्ड के सभी 08 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुकरेल, केरेगांव, दुगली, गट्टासिल्ली, सांकरा, सिहावा, बेलरगाओ और बोराई में भी स्वास्थ्य मेले का आयोजन 20 और 21 अप्रैल को किया गया है, जिसमें 2000 से भी अधिक लोगों ने स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त की जिसमें 700 लोगों की गैर संचारी रोगों बी पी, सुगर कैंसर, 400 लोगों के नेत्र और मोतियाबिंद, 300 विभिन्न प्रकार के स्त्री रोग, 200 त्वचा रोग, 80 मनोरोग, 100 टीबी स्क्रीनिंग, की नि:शुल्क जांच, उपचार और सलाह दी गयी। इसी कड़ी में मौके पर लगभग 100 से अधिक मरीजो का टेलिकन्सटेशन सुविधा प्रदान की गई, लगभग 300 से भी अधिक लोगों का आयुष्मान कार्ड तथा 400 से भी अधिक लोगों को डिजिटल हेल्थ कार्ड बनाकर दिया गया।