धमतरी

बच्चों को नियमित रूप से पठन-पाठन करने के लिए किया प्रेरित
30-Sep-2021 4:53 PM
बच्चों को नियमित रूप से पठन-पाठन करने के लिए किया प्रेरित

वनांचल क्षेत्रों की शैक्षणिक व्यवस्था में कसावट लाने स्कूलों का निरीक्षण 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नगरी, 30 सितंबर।
नगरी विकासखंड के वनांचल क्षेत्र में स्थित शालाओं की शैक्षणिक व्यवस्था में कसावट लाने तथा शालाओं में संचालित  बेसलाइन आंकलन का निरीक्षण विकासखंड शिक्षा अधिकारी नगरी सतीश प्रकाश सिंह के द्वारा किया गया। बीईओ ने बेसलाइन आंकलन से संबंधित विषय वस्तु पर आधारित सवाल पूछे एवं बच्चों को नियमित रूप से पठन-पाठन करने के लिए प्रेरित किया। 

बीईओ सतीश प्रकाश सिंह ने नगरी विकासखंड के विभिन्न शालाओं - प्राथमिक शाला सांकरा, माध्यमिक शाला सांकरा, उ मा वि सांकरा माध्यमिक शाला घठुला, हाई स्कूल घठुला, माध्यमिक शाला पाइकभाटा, हाई स्कूल टांगापानी का आकस्मिक निरीक्षण किया एवं बच्चों के शैक्षणिक विकास हेतु संचालित किए जा रहे बेसलाइन आंकलन का निरीक्षण कर बच्चों के बौद्धिक स्तर के गुणात्मक विकास हेतु संबंधित संस्था प्रमुख एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं को आवश्यक निर्देश दिए। 
सिंह ने कोरोना से बचाव एवं सुरक्षा के लिए सभी प्रोटोकॉल का पालन कराते हुए उत्तम रूप से शाला संचालन करने के लिए आवश्यक निर्देश संस्था प्रमुखों को दिए।

 


अन्य पोस्ट