दन्तेवाड़ा
दंतेवाड़ा, 26 फरवरी। कलेक्टर ने जिले के फागुन मंडई स्थल का जायजा गुरुवार को निरीक्षण लिया। अधिकारियों से मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आमजन की संख्या तथा वहां की व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। फागुन मंड़ई में प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ती है।
कलेक्टर ने सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आवश्यक निर्देश दिए । उन्होंने आगजनी की किसी भी संभावित घटना से निपटने हेतु फायर ब्रिगेड की समुचित व्यवस्था रखने तथा पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही, स्वच्छ एवं पर्याप्त शौचालय, निर्बाध पेयजल आपूर्ति, सुदृढ़ प्रकाश व्यवस्था तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि मेले में एक विशेष सहायता काउंटर स्थापित किया जाए, ताकि कोई व्यक्ति गुम हो जाने की स्थिति में तत्काल सूचना देकर सहायता प्राप्त कर सके और शीघ्र अपने परिजनों से मिल सके।
इसके अतिरिक्त, कलेक्टर ने वन विभाग को मेले में आवश्यकतानुसार बांस-बल्ली (बैरिकेडिंग आदि) की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिससे भीड़ प्रबंधन सुचारु रूप से किया जा सके। फागुन मेला के दौरान ड्रोन की सहायता से सतत निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाई जा सके। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री राजेश पात्रे प्रमुख रूप से मौजूद थे।


