कहा-आदिवासियों के त्यौहार प्रकृति से जुड़े हुए, जीवन में कितने भी उतार-चढ़ाव आए, त्यौहार के समय झूमने नाचने लगते हैं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 अप्रैल। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि आदिवासी संस्कृति सबसे प्राचीन संस्कृति है और उसके अनेक गौरवशाली परंपराएं तीज त्यौहार हैं, जिससे पूरी दुनिया प्रेरणा ले सकती है। आदिवासियों के जितने भी त्यौहार हैं वे सब प्रकृति से जुड़े हुए हैं। जीवन में कितने भी उतार चढ़ाव क्यों न आए हो, जैसे ही त्यौहार आता है सभी खुशी से झूमने लगते हैं।
पीजी कॉलेज ग्राउंड अंबिकापुर में मूली पड़हा उरांव समाज द्वारा आयोजित सरहुल पर्व में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल शामिल हुए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम बघेल ने कहा कि आदिवासी संस्कृति सबसे प्राचीन है। जीवन में कितने भी उतार-चढ़ाव आए, लेकिन जब त्यौहार आता है तो वे झूमने नाचने लगते हैं, इसी का नाम सरहुल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि परंपरा को बचाए रखने व संरक्षण के लिए हमारी सरकार काम कर रही है। वन अधिकार पट्टा, सामुदायिक पट्टा के तहत सरकार जल, जंगल बचाने का भी प्रयास कर रही है। सरकार नवा विकास योजना के तहत निजी भूमि में भी पेड़ लगाने एवं अनुदान देने की व्यवस्था की है ताकि पर्यावरण व प्रकृति की रक्षा हो सके। इस वर्ष 36 एकड़ में पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। गोपालक भी राजीव गांधी किसान योजना,गोधन योजना का लाभ उठा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सोसाइटी की संख्या में भी सरकार ने काफी वृद्धि की है।इस साल किसान रिकॉर्ड 32 लाख हेक्टेयर में धान की फसल लगाए थे और 107 लाख मैट्रिक टन धान खरीदी सरकार ने की है जो एक रिकॉर्ड है। इस साल सरकार ने किसानों की मांग पर फैसला किया है कि अब किसानों का 15 क्विंटल नहीं 20 क्विंटल धान खरीदी करेगी।

सरकार किसानों के साथ-साथ भूमिहीन मजदूरों को भी 7 हजार रुपये देने का फैसला की है। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, मितानिन, कोटवार पटेल के वेतन में सरकार ने वृद्धि की है। सरकार किसानों मजदूरों के साथ-साथ नौजवानों के लिए भी बेरोजगारी भत्ता देने का काम शुरू कर दी है। रमन सिंह सरकार ने 15 साल में बेरोजगारों के लिए 100 करोड़ का प्रावधान किया हमने इसी बजट में 250 करोड़ का प्रावधान किया है।भाजपा आवास के लिए आंदोलन करती है जबकि सच्चाई यह है कि 2011 के बाद जनगणना जो 2021 में होना था नहीं हुआ,हमारी सरकार ने 1 अप्रैल से सभी गांव में जाकर आर्थिक सर्वेक्षण करवाने का फैसला ली है अगर कोई आवासहीन है तो उसे सरकार मकान बना कर देगी,इसके लिए बजट में 3200 करोड़ का प्रावधान किया गया है। रूबल इंडस्ट्रियल पार्क अब हर ब्लाक के साथ-साथ निगम क्षेत्र में भी बनाने का फैसला सरकार ने किया है। प्रदेश में 9 हजार से अधिक गौठान हो गए हैं जिसमें 5 हजार से गौठान स्वावलंबी है।सीएम ने कहा कि गोठान जब शुरु हुआ था तो लोग मजाक बनाते थे। सरकार अब गोबर खरीद रही है। गोबर की खरीदी कर लोगों को 49 करोड़ की राशि वितरण कर चुकी है।
मुख्यमंत्री विवाह योजना के तहत रमन सरकार में 15 हजार मिलते थे, हमने उसे बढ़ाकर 25 और अब इस वर्ष से 50 हजार कर दिया है। छत्तीसगढ़ राज्य जब अस्तित्व में आया था और जब अजीत जोगी की सरकार थी उस समय प्रदेश में एक मेडिकल कॉलेज था, रमन सिंह के कार्यकाल में 4 मेडिकल कॉलेज प्रदेश में खोले गए। हमने स्वास्थ्य सेवा बेहतर करने के लिए 4 वर्षों में 8 मेडिकल कॉलेज खोला। धनवंतरी योजना के तहत ब्रांडेड दवाई में काफी डिस्काउंट लोगों को मिल रहा है। मुख्यमंत्री हाट बाजार स्वास्थ्य योजना का लाभ आम नागरिकों को मिल रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में भी स्कूलों के रंगाई पुताई एवं मरम्मत के लिए 1000 करोड़ का प्रावधान किया गया है।101 नए स्वामी आत्मानंद स्कूल खोलने का फैसला सरकार ने की है। शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ-साथ संस्कृति का भी विकास सरकार कर रही है। छत्तीसगढ़ के रहन-सहन की चर्चा आज पूरी दुनिया भर में है।
अजिरमा में 25 लाख से बनेगा सामुदायिक भवन-
उरांव समाज की मांग पर मुख्यमंत्री ने अजिरमा में सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 25 लाख रुपये देने, सरना स्थल कोरिया बाड़ी का नाम आस्था आंगन करने, आस्था आंगन में शेड निर्माण, ऑक्सीजन पार्क का नाम वृक्षमित्र ओपी अग्रवाल के नाम पर तथा आकाशवाणी चौक का नाम इंजीनियर कार्तिक उरांव के नाम पर करने की घोषणा की।
पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सहित मंत्री अमरजीत भगत, डॉ. प्रेमसाय सिंह व अन्य लोगों का आदिवासी समाज के लोगों द्वारा पारंपरिक नृत्य, गीत व साफा-पगड़ी पहनाकर उनका स्वागत किया।

कार्यक्रम के दौरान सीएम ने समाज के लोगों को सरहुल पर्व की बधाई दी। इस दौरान उन्होंने विभिन्न समाज व संगठन के लोगों से मुलाकात भी की।
इस अवसर पर संदीय सचिव एवं भटगांव विधायक पारसनाथ राजवाड़े, छत्तीसगढ़ खाद्य आयोग के अध्यक्ष गुरप्रीत सिंह बाबरा, बीस सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री भानुप्रताप सिंह , श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष शफी अहमद, गौ-सेवा आयोग के सदस्य अटल यादव, तेलघानी बोर्ड के सदस्य लक्ष्मी गुप्ता, मदरसा बोर्ड के सदस्य इरफान सिद्दीकी, अपेक्स बैंक के संचालक श्री अजय बंसल, छत्तीसगढ़ राज्य बीज प्रमाणीकरण बोर्ड के सदस्य अरविंद गुप्ता, कृषक कल्याण परिषद के सदस्य संजय गुप्ता, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के अध्यक्ष रामदेव राम जिला, उर्दू अकादमी के सदस्य बदरुद्दीन इराकी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मधु सिंह, महापौर डॉ अजय तिर्की, जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, कमिश्नर डॉ संजय अलंग,आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना गुप्ता, उरांव समाज के अध्यक्ष श्री मंगल उरांव सहित अन्य अधिकारी तथा बड़ी संख्या में सामाजिकगण उपस्थित थे।
जल, जंगल, जमीन पर आदिवासियों का अधिकार- अमरजीत
सरहुल पर्व कार्यक्रम में खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत ने कहा कि जंगल, पहाड़ पर रहने वाले आदिवासी पेड़-पौधों को अपना आराध्य मानते हैं। जल, जंगल, जमीन उनका अधिकार है। आदिवासी प्रकृति की गोद में खेलते हुए पर्यावरण का संरक्षण करते हैं। छत्तीसगढ़ के सीएम आदिवासियों के त्यौहार व संस्कृति को लेकर प्रतिबद्ध है।
आदिवासी समाज के लोग संकोची प्रवृत्ति के होते हैं, लेकिन जिसे मानते हैं, उसके लिए जान देने को भी तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि सीएम ने आदिवासियों के लिए काफी कुछ किया है। ऐसे में आदिवासी बाहुल्य के लोग भी इनका ध्यान रखते हैं।