कांग्रेस के वादों पर मतदाताओं को पूरा भरोसा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 31 अक्टूबर। प्रदेश कांग्रेस के लिए एआईसीसी के मीडिया पर्यवेक्षक एवं राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की जनता के हित में घोषणा कर रही है और भाजपा के पास प्रदेश के लिए ना कोई विजन है, ना योजना है, सिवाय जुमले के।जनता की खुशहाली से भाजपा के पेट में दर्द हो रहा है।
राजीव भवन में पत्रकारों से चर्चा में तिवारी ने कहा कि महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम फडणवीस ने भूपेश बघेल को गजनी बोलकर छत्तीसगढ़ का अपमान किया। गजनी एक विलेन था उसकी तुलना दो तिहाई बहुमत से बनी सरकार के मुखिया से करना छत्तीसगढ़ की जनता का अपमान है।
तिवारी ने कहा कि हम किसी भी जनप्रतिनिधि को गजनी की उपाधि देने के खिलाफ है लेकिन यदि फडणवीस वायदो को भूलने का आधार बनाते हैं तो उन्हें गजनी की तुलना मोदी जी से करनी चाहिये। जो जनता से किये हर वादे को भूल चुके हैं। 15-15 लाख रुपया खाता में आएगा, अच्छे दिन आएंगे, 100 दिन में महंगाई कम होगी, 30 रु. 35 रु. में डीजल-पेट्रोल मिलेगा, हवाई चप्पल पहनने वाले गरीबो को हवाई यात्रा कराने का वादा किये थे, भारत के एक सैनिक के बदले पाक के दस सैनिको के सिर काट कर लाने का वादा किये थे।
2022 में किसानों की आय दोगुनी होगी, स्वामीनाथन कमेटी के सिफारिश के अनुसार उपज की लागत मूल्य का डेढ़ गुना समर्थन मूल्य मिलेगा। युवाओं को दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष मिलेगा, 100 दिन में महंगाई कम होगी। बेटी सुरक्षित होगी।
बुलेट ट्रेन चलेगा सहित अनेक वादा किया गया था और सत्ता मिलते ही उन वादों को जुमला बताकर जनता का उपहास उड़ाया गया है। कांग्रेस जो कहती है उसको पूरा करती है। 2018 में जनता से जो वादा किया था बघेल ने उसमें 95 प्रतिशत से अधिक वादों को पूरा किया। यही कारण है प्रदेश में फिर से कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। कांग्रेस ने जो कहा था भूपेश सरकार ने वह सब किया। जनता को इसीलिये कांग्रेस के वादों पर भरोसा भी हो रहा है। इस चुनाव में भी कांग्रेस जो घोषणा कर रही जनता उसको पूरा होने की गारंटी मान रही है। चर्चा मेंं कांग्रेस नेता अखिलेश सिंह, राधिका खेड़ा भी शामिल रहीं।