नवप्रवेशी छात्राओं को साइकिल व बच्चों को किया पाठ्य पुस्तक वितरण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जुलाई। स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री गजेन्द्र यादव ने शुक्रवार को छुरिया विकासखंड के ग्राम मोरकुटूम्ब में आयोजित विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल हुए।
प्रभारी मंत्री यादव ने 75 लाख 23 हजार रुपए की लागत से निर्मित नवीन शासकीय हाईस्कूल भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने नि:शुल्क मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल, विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर नए शैक्षणिक सत्र के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने अगले शिक्षा सत्र से हाई स्कूल मोरकुटूम्ब को हायर सेकंडरी स्कूल में उन्नयन करने की घोषणा की। उन्होंने छुरिया के निर्मित नवीन सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पहुंच मार्ग, ब्राम्हणटोला में प्राथमिक शाला भवन, ग्राम घोरतालाब में नवीन पूर्व माध्यमिक शाला भवन, ग्राम गोपालपुर में हैंडपंप व शौचालय निर्माण तथा ग्राम भर्रीटोला में शिक्षक की व्यवस्था करने की घोषणा की।
मंत्री यादव ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अभिभावकों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सभी अभिभावक नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर पालक-शिक्षक बैठक में शामिल हों तथा बच्चों की पढ़ाई और उपस्थिति की जानकारी ले। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा केवल विद्यालय की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि अभिभावकों की भी समान भागीदारी आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि मोरकुटूम्ब विद्यालय को भी स्मार्ट स्कूल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के अनुरूप बच्चों में भाषा, गणित एवं आधारभूत शिक्षा को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। राज्य सरकार विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश, साइकिल सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में प्रार्थना, वंदना, संस्कार एवं अनुशासन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके।
खुज्जी विधायक भोलाराम साहू ने कहा कि विद्यालय साधारण स्थल नहीं है। यहां विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर अपने भविष्य गढऩे का काम करते है। उन्होंने अभिभावकों से अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए नियमित विद्यालय भेजने का संकल्प लेने कहा। महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि जिले में इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम उत्कृष्ट रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों के संयुक्त प्रयास से आगामी बोर्ड परीक्षाओं में जिले का शत-प्रतिशत परिणाम प्राप्त होगा। जिला पंचायत अध्यक्ष किरण वैष्णव ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव बच्चों के जीवन का उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी अवसर होता है। विद्यालय का सकारात्मक वातावरण बच्चों को नियमित रूप से स्कूल आने के लिए प्रेरित करता है।
कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने बताया कि जिले में पिछले शिक्षा सत्र में बोर्ड परीक्षाओं का उत्कृष्ट परिणाम रहा। शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए विद्यार्थियों को पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान पाठ्यक्रम आधारित नियमित अभ्यास कराया गया। जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए।
इस अवसर पर अध्यक्ष जनपद पंचायत संजय सिन्हा, अध्यक्ष नगर पंचायत छुरिया अजय पटेल, अध्यक्ष राजगामी संपदा न्यास पूर्णिमा साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष किरण साहू, जिला पंचायत सदस्य बिरमबाई मंडावी, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रशांत ठाकुर, कोमल सिंह राजपूत, एमडी ठाकुर, राधिका चंद्रवंशी, बिशाखाबाई, एसडीएम श्रीकांत कोराम, जिला शिक्षा अधिकारी प्रवास सिंह बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधिगण, ग्रामीण, शिक्षक एवं बच्चे उपस्थित थे।