राजनांदगांव
ब्लिंकिट की एंट्री से छोटे व्यापारियों पर संकट की आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 4 जुलाई। छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक बिंदल ने शहर में शुरू हुई क्विक कॉमर्स सेवा को लेकर चिंता व्यक्त करते कहा कि राजनांदगांव की पहचान उसका मजबूत और पारंपरिक बाजार है। यहां का व्यापार केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि सामाजिक विश्वास, पारिवारिक रिश्तों और हजारों लोगों की आजीविका का आधार है। उन्होंने कहा कि 1 जुलाई से शहर में ब्लिंकिट की सेवाएं शुरू होने के बाद स्थानीय व्यापारियों के सामने नई चुनौती खड़ी हो गई है। यदि समय रहते व्यापारी संगठित होकर रणनीति नहीं बनाते हैं तो भविष्य में छोटे व्यापारियों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो सकता है।
श्री बिंदल ने कहा कि गंज चौक, अनुपम नगर, लखोली और बजरंगपुर सहित शहर के कई क्षेत्रों में क्विक कॉमर्स कंपनियां अपनी गतिविधियां बढ़ा रही है। शुरुआत में 10 मिनट में सामान मिलने की सुविधा ग्राहकों को आकर्षित करेगी, लेकिन इसके दूरगामी परिणामों को भी समझना जरूरी है। उन्होंने कहा कि महानगरों की तुलना में राजनांदगांव का व्यापारिक ढांचा पूरी तरह अलग है। यहां दुकानदार और ग्राहक के बीच वर्षों पुराने भरोसे और आत्मीयता का रिश्ता है। यदि यह व्यवस्था कमजोर हुई तो इसका असर पूरे स्थानीय बाजार पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि शहर के मोहल्लों में वर्षों से संचालित किराना और जनरल स्टोर स्थानीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। यही दुकानदार जरूरत पडऩे पर उधारी देते हैं, देर रात तक दुकान खोलते हैं और हर परिस्थिति में ग्राहकों के साथ खड़े रहते हैं। उन्होंने कहा कि यदि बड़ी संख्या में ग्राहक ऑनलाइन प्लेटफार्म की ओर चले गए तो सबसे पहले इन्हीं छोटे व्यापारियों की आय प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि राजनांदगांव स्टेशनरी और कॉपी व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा है। अब क्विक कॉमर्स कंपनियां पेन, कॉपी, किताबें और स्कूल का अन्य सामान भी घर तक पहुंचा रही है। इससे स्थानीय स्टेशनरी व्यापारियों के व्यवसाय पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि राखी, दीपावली, होली और अन्य त्योहारों के दौरान शहर के सदर बाजार, गोल बाजार और अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में होने वाली खरीदारी छोटे व्यापारियों की सालभर की आय का बड़ा आधार होती है।
यदि बड़ी कंपनियां भारी छूट देकर ग्राहकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म की ओर आकर्षित करेंगी तो पारंपरिक बाजार की रौनक प्रभावित हो सकती है।