‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अक्टूबर। महासमुंद जिले के बागबाहरा परिक्षेत्र के आरक्षित वन में तमोरा के अतिक्रमणकारियों द्वारा वन अमले पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। कुछ कर्मचारी सुरक्षित स्थान की ओर चले गए, वहीं रेंजर सहित दो अधिकारियों को पांच घंटे तक बंधक बना मारपीट की। पर्स और मोबाइल फोन भी छीन लिए। सूचना पर पहुंची पुलिस एवं वन अमले द्वारा सुरक्षा घेरा बनाकर दोनों अफसरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
मंगलवार 6 अक्टूबर को वनपरिक्षेत्र बागबाहरा के वनपरिक्षेत्राधिकारी नवीन वर्मा अपने हमराह स्टाफ नवीन शर्मा, उपवनक्षेत्रपाल, टोमन दीवान, वनरक्षक, महेश चंद्राकर, वॉचर, पूनम साहू, वॉचर एवं हरदेव वर्मा, चालक के साथ ढोड परिसर के कक्ष क्रमांक 95-96 में जंगली सुअर के अवैध शिकार एवं वन्य मांस के अवैध विक्रय संबंधी सूचना के आधार पर रात्रि गश्त पर थे।
इसी दौरान तमोरा क्षेत्र में वनभूमि पर अतिक्रमण करने वाले कुछ व्यक्तियों द्वारा वन अमले के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी गई तथा लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचकर वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को घेर लिया गया।
संख्या बल अधिक होने के कारण कुछ कर्मचारी सुरक्षित स्थान की ओर चले गए, जबकि वनपरिक्षेत्राधिकारी नवीन वर्मा एवं उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा मौके पर रह गए। इनमें से कुछ व्यक्तियों के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई।
आरोप है कि अतिक्रमणकारियों ने दोनों अधिकारियों के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं और रक्तस्राव हुआ। इस दौरान वनपरिक्षेत्राधिकारी का पर्स और उपवनक्षेत्रपाल का मोबाइल फोन भी छीन लिए जाने की बात कही गई है। इसके बाद दोनों अधिकारियों को तमोरा वनखंड से लगे खेत में स्थित एक छोटे मकान में ले जाकर बंधक बनाए रखा गया।
बताया गया है कि उन्हें रात करीब 7.30 बजे से 12.30 बजे तक लगभग पांच घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वनपरिक्षेत्राधिकारी द्वारा तत्काल व्हाट्सऐप के माध्यम से उच्च अधिकारियों तथा थाना प्रभारी बागबाहरा एवं खल्लारी को सूचना दी गई।
सूचना प्राप्त होते ही पुलिस बल तथा वनपरिक्षेत्र बागबाहरा एवं महासमुंद का वन अमला तत्काल मौके पर पहुंचा। जारी खबर में कहा गया है कि यदि समय पर पुलिस बल एवं वन अमला मौके पर नहीं पहुंचता, तो अतिक्रमणकारियों द्वारा की गई मारपीट एवं हमले की गंभीरता को देखते हुए वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जान तक जा सकती थी। समय पर बल के पहुंचने से एक गंभीर एवं संभावित जनहानि की स्थिति को टाला जा सका।
पुलिस एवं वन अमले द्वारा संबंधित व्यक्तियों को समझाइश देकर दोनों अधिकारियों को मुक्त करने का प्रयास किया गया, किंतु उनके द्वारा अधिकारियों को छोडऩे से इनकार करते हुए पुलिस एवं वन अमले के साथ भी विवाद एवं बहस की गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस एवं वन अमले द्वारा सुरक्षा घेरा बनाकर वनपरिक्षेत्राधिकारी नवीन वर्मा एवं उपवनक्षेत्रपाल नवीन शर्मा को सुरक्षित बाहर निकाला गया तथा उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। इसके पश्चात दोनों अधिकारियों का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया।
घटना में शासकीय कार्य में बाधा, मारपीट, धमकी, शासकीय सेवकों के साथ अभद्र व्यवहार, सामान छीनने तथा अधिकारियों को उनकी इच्छा के विरुद्ध बंधक बनाए जाने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों, प्रत्यक्षदर्शियों के कथनों एवं अन्य अभिलेखों के आधार पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध प्रचलित विधि के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।