‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
कुम्हारी, 21 अगस्त। श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, कुम्हारी में बी फार्मा बैच 2022-2026 के छात्रों के लिए ग्रेजुएशन डे समारोह का आयोजन किया गया। समारोह छात्रों की शैक्षणिक यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ाव को चिह्नित करने के साथ-साथ उनकी मेहनत, लगन एवं उपलब्धियों का उत्सव रहा।
कार्यक्रम में कैंपस डायरेक्टर, कुम्हारी जयराज मिश्रा एवं गायत्री मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इसके साथ ही प्रो .एस. प्रकाश राव, प्राचार्य, श्री रावतपुरा सरकार इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, कुम्हारी, डॉ. डी. एन. राय, प्राचार्य, श्री रावतपुरा इंटरनेशनल स्कूल, कुम्हारी एवं डॉ. बृजेश प्रताप यादव, प्राचार्य, शिक्षा विभाग, कुम्हारी सहित संस्थान के प्राध्यापकगण एवं स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. भूषण. मुले के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों, स्नातक छात्रों एवं उनके अभिभावकों का स्वागत करते हुए कहा कि ग्रेजुएशन केवल शैक्षणिक पाठ्यक्रम की पूर्णता नहीं, बल्कि छात्रों के व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत विकास के नए चरण की शुरुआत है।
समारोह के दौरान बी फार्मा बैच 2022-2026 के छात्रों को ग्रेजुएशन प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। पारंपरिक ग्रेजुएशन गाउन एवं कैप में सजे छात्रों ने अपने प्रमाण-पत्र प्राप्त किए और अपनी शैक्षणिक उपलब्धि का उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने सभी स्नातक छात्रों को बधाई देते हुए उन्हें ज्ञान, अनुशासन, नैतिकता, नवाचार एवं समाजसेवा के मूल्यों को अपने व्यावसायिक जीवन में आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्रों से फार्मेसी एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में निरंतर सीखने, बदलती तकनीक के साथ स्वयं को अपडेट रखने तथा समाज एवं मानव स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।