‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 फरवरी। सरायपाली शहर में निर्माणाधीन गौरवपथ लोगों की सुविधा कम और परेशानी का सबब अधिक बनता जा रहा है। अव्यवस्थित डिवाइडर एवं बेतरतीब क्रॉसिंग के कारण आये दिन गौरवपथ में दुर्घटनाएं हो रही हैं। अनेक शिकायतों के बावजूद इनके सुधार की दिशा में किसी प्रकार का कदम नहीं उठाया जा रहा है। बीती रात पुन: यह गौरव पथ दुर्घटना का कारण बन गया। जिसमें भाजपा मंडल अध्यक्ष गुंजन अग्रवाल की कार डिवाइडर से टकरा गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
मालूम हो कि यहां गौरव पथ निर्माण कार्य शुरू हुए कई महीने हो चुके हैं। लेकिन कार्य की धीमी गति के कारण अभी तक यह सडक़ पूरी तरह से लोगों के चलने योग्य नहीं बन पाई है। अभी भी कई स्थानों पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण जगह-जगह सडक़ उखड़ी हुई है। वहीं पूरे मार्ग भर अनेक स्थानों पर बेतरतीब ढंग से डिवाइडर में क्रॉसिंग छोड़े गए हैं। जिससे आये दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। दुपहिया वाहन हो या चारपहिया वाहन चालक, सभी को चलने में परेशानी हो रही है। जानकारी अनुसार बीती रात गौरवपथ में अनावश्यक क्रासिंग के कारण भाजपा मंडल अध्यक्ष गुंजन अग्रवाल भी इसके शिकार हो गए। देर रात वे अपनी कार से घर वापस आ रहे थे। इसी बीच उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए रायपुर भेजा गया है। गौरतलब है कि गौरव पथ निर्माण में सही मापदण्ड का पालन नहीं किये जाने और गुणवत्ताहीन निर्माण के साथ-साथ सडक़ पर डिवाइडर की ऊंचाई व जगह-जगह अनावश्यक क्रॉसिंग को लेकर क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया था। इसी गौरवपथ निर्माण में अनियमितता के चलते तत्कालीन सीएमओ व उप अभियंता भी निलंबित हो चुके हैं।
इसके बावजूद न तो प्रशासन और न ही निर्माणकर्ता ठेकेदार ने इस पर ध्यान दिया है। जिसके कारण आज भी यह सडक़ दुर्घटनाओं का कारण बना हुआ है।