बलौदा बाजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 8 नवंबर। जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के ऐतिहासिक दशहरा मैदान में आयोजित दीपावली मिलन एवं लोकार्पण शिलान्यास समारोह में पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का स्थानीय हेलीपैड पर आत्मीय स्वागत किया गया। इस समारोह का आयोजन क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने की दृष्टि से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुए।
हेलीपैड पर कैबिनेट मंत्री टंक राम वर्मा, जांजगीर चांपा सांसद कमलेश जांगड़े, पूर्व विधायक बिलाईगढ़ सनम जांगड़े, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दीपक सोनी, पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन, आरंग विधायक गुरू श्री खुशवंत साहेब भी उपस्थित रहे।
दीपावली मिलन समारोह
दशहरा मैदान में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में जनता को दीपावली की शुभकामनाएं दी और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दीपावली हर परिवार में सुख-समृद्धि लाए और छत्तीसगढ़ को विकास के पथ पर अग्रसर करे। उन्होंने उपस्थित लोगों को सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभों की जानकारी दी और बताया कि राज्य के हर क्षेत्र में विकास को सुनिश्चित किया जा रहा है।
लोकार्पण-शिलान्यास समारोह
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने दौरे के दौरान करोड़ों के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें सडक़ों का निर्माण, स्वास्थ्य सुविधाओं का उन्नयन और ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से क्षेत्र में बेहतर सडक़ों, पानी की उपलब्धता, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विकास होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार का मुख्य उद्देश्य जनता को मूलभूत सुविधाओं से सुसज्जित करना है, और इसके लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है। इन विकास कार्यों से बलौदाबाजार और आसपास के क्षेत्रों को बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन और आरंग विधायक खुशवंत साहेब भी उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्यमंत्री के विचारों का समर्थन करते हुए विकास योजनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से हर वर्ग को लाभ मिलेगा और छत्तीसगढ़ राज्य को एक नई दिशा मिलेगी।
इस समारोह में जनता के बीच काफी उत्साह देखा गया। लोग मुख्यमंत्री के विचारों से प्रभावित हुए और राज्य सरकार की योजनाओं का स्वागत किया।