बिलासपुर

टीकाकरण की बढ़ी गति, छह दिन में 64 हजार को टीका
27-Jun-2021 1:01 PM
टीकाकरण की बढ़ी गति, छह दिन में 64 हजार को टीका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 27 जून।
जिले में वैक्सीनेशन सेंटर बढ़ते ही टीकाकरण की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। लोग सेंटरों में जाकर पहला व दूसरा डोज लगवाने कतार में खड़े नजर आ रहे हैं। पिछले 6 दिनों में 64 हजार लोगों ने टीका लगवाया। जिसकी संख्या में आने वाले दिनों में और बढ़ेगी।

21 से 26 जून तक 18 प्लस वाले 49 हजार 74 लोगों ने टीका लगवाया। वहीं 45 वालों की संख्या 14 हजार 926 हैं। जितना टीकाकरण छह दिन में हुआ, उतना जून के 20 दिन में नहीं हो पाया। 1 से 20 जून तक जिले में 33 हजार 249 लोगों को टीका लगा था। 24 हजार 574 युवाओं ने वैक्सीन लगवाई थी। 45 से अधिक उम्र वाले 8675 ने टीका लगवाया था। अभी तक कुल 18 से 44 वालों की कुल आबादी  के हिसाब से 15.38 फीसदी लोगों को वैक्सीन लगी है। इनमें 15.07 फीसदी को पहला और 0.31 प्रतिशत ने दूसरा डोज लगवाया है। 11 दिन में 7.17 प्रतिशत लोगों को टीका लगा है।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर मनोज सैमुअल का कहना है कि कोविन पोर्टल के शुरू होने के साथ टीकाकरण एक समान होने के कारण वैक्सीनेशन की गति बढ़ गई है। पहले बीच-बीच में 18 वालों की वैक्सीन भी खत्म हो जा रही थी।

267 सेंटरों पर 17241 को लगे टीके
जिले में टीकाकरण की गति बढ़ी है। लेकिन लक्ष्य पूरा नहीं हो पा रहा है। शनिवार को 267 सेंटरों पर 32155 लोगों को टीके लगने थे। दिन भर चले संघर्ष के बाद 53.61 यानी 17241 लोगों को टीका लग पाया। 46.39 प्रतिशत टीकाकराण् कम हुआ। 12049 ने पहला, 5192 ने दूसरा डोज लगवाया।  18 प्लस से अधिक वाले 11087 ने पहला, 50 ने दूसरा डोज लगवाया। 45 प्लस वाले 941 ने पहला, 4796 ने दूसरा डोज लगवाया। 60 प्लस की बात करें तो 21 ने पहला, 325 ने दूसरे डोज लगवाया। अरपा अर्पण महाअभियान ने कोरोना से बचाव के लिए टीकाकारण महायज्ञ कार्यक्रम पाटीदार भवन उसलापुर में आयोजित किया। यहां 180 हितग्राहियों को वैक्सीन लगाई गई।


अन्य पोस्ट