बिलासपुर

गांवों तक पहुंचेगी न्याय की डिजिटल सुविधा, चीफ जस्टिस ने तीन मोबाइल ई-सेवा वैन को दिखाई हरी झंडी
27-Nov-2026 8:36 PM
गांवों तक पहुंचेगी न्याय की डिजिटल सुविधा, चीफ जस्टिस ने तीन मोबाइल ई-सेवा वैन को दिखाई हरी झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 27 नवंबर। छत्तीसगढ़ के दूरस्थ, ग्रामीण और आदिवासी इलाकों में रहने वाले लोगों को अब न्यायिक और कानूनी सेवाओं के लिए बार-बार अदालतों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। संविधान दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश कृष्ण महापात्र ने तीन मोबाइल ई-सेवा वैन का शुभारंभ किया। ये वाहन अंबिकापुर, रायपुर और जगदलपुर में सेवाएं देंगे।

छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के मुख्य संरक्षक एवं हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रमेश कृष्ण महापात्र ने हाईकोर्ट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में फीता काटकर वैन को रवाना किया। उन्होंने वाहनों में उपलब्ध सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।

कार्यक्रम में राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यपालक अध्यक्ष न्यायमूर्ति पार्थ प्रतिम साहू सहित हाईकोर्ट के अन्य न्यायाधीश और अधिकारी मौजूद रहे।

मोबाइल ई-सेवा वैन को चलते-फिरते डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। इनके माध्यम से लोग अपने मामलों की स्थिति, अदालतों की कॉज लिस्ट, ई-फाइलिंग और ई-कोर्ट से जुड़ी दूसरी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इसका सबसे बड़ा लाभ उन लोगों को मिलेगा, जिन्हें भौगोलिक दूरी, आर्थिक परेशानी या परिवहन की कमी के कारण अदालतों तक पहुंचने में दिक्कत होती है।

इन वाहनों के जरिए मोबाइल लोक अदालतों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से आपसी सहमति से प्री-लिटिगेशन मामलों का निपटारा कराने का प्रयास होगा। इससे छोटे विवादों को अदालत पहुंचने से पहले ही सुलझाने और लंबित मामलों का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।

मोटर वाहन अधिनियम के तहत यातायात चालान सहित अन्य उपयुक्त मामलों के निराकरण के लिए भी विशेष अभियान चलाए जाएंगे।

वैन में उच्च गुणवत्ता वाले वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपकरण लगाए गए हैं। इनके जरिए दूरस्थ स्थानों से भी गवाहों के बयान दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी। इससे गवाहों को अदालत तक पहुंचने में होने वाली परेशानी कम होगी और न्यायिक प्रक्रिया आसान बनेगी।

इसके अलावा इन वाहनों से जरूरतमंद और कमजोर वर्गों के लिए कानूनी जागरूकता अभियान तथा राष्ट्रीय और राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की योजनाओं की जानकारी भी पहुंचाई जाएगी।

मोबाइल ई-सेवा वैन में बिजली के लिए विशेष बैकअप सिस्टम, हाई-स्पीड मल्टी-नेटवर्क कनेक्टिविटी, एचडी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग उपकरण, कैमरे, राउटर, वेबकैम, ब्लूटूथ स्पीकर और इंटरकॉम लगाए गए हैं।

इसके अलावा 32 और 43 इंच के टीवी डिस्प्ले, जनरेटर, एयर कंडीशनर, वाटर डिस्पेंसर और अग्निशमन यंत्र जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

यह पहल सुप्रीम कोर्ट की ई-कोर्ट परियोजना के तहत शुरू की गई है। इसमें राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, विभिन्न हाईकोर्ट, राज्य और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा केंद्र सरकार का न्याय विभाग सहयोग कर रहे हैं।

वैन के संचालन, उपयोग और निगरानी के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण ने मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की है, ताकि इन सुविधाओं का नियमित और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जा सके।


अन्य पोस्ट