बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 27 नवंबर। बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर मुंबई-हावड़ा मेल का वर्ष 2019 से प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर ठहराव बंद था। यात्रियों की लगातार मांग और शिकायतों के बाद रेलवे के जोनल और मंडल अधिकारियों ने अब यहां दोबारा ठहराव देने का आदेश जारी किया है।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन में यात्री ट्रेनों के लिए आठ प्लेटफॉर्म हैं। इनमें प्लेटफॉर्म नंबर-1 यात्रियों की सुविधाओं के लिहाज से सबसे महत्वपूर्ण है। मुख्य प्रवेश द्वार से अंदर आते ही यात्री इस प्लेटफॉर्म पर पहुंच सकते हैं।
यहां प्रतीक्षालय, आधुनिक वातानुकूलित प्रतीक्षालय, रिटायरिंग रूम, डॉरमेट्री, फूड प्लाजा और वीआईपी कक्ष जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके अलावा आरपीएफ और जीआरपी के थाने भी इसी प्लेटफॉर्म पर हैं।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए इस प्लेटफॉर्म को विकसित किया था, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में यहां ट्रेनों का ठहराव लगातार कम होता गया। पहले प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर करीब 38 ट्रेनें रुकती थीं, लेकिन अब विशेष और साप्ताहिक ट्रेनों सहित इनकी संख्या घटकर लगभग 10 रह गई है।
वर्तमान में मुंबई की ओर से आने वाली केवल दो से तीन और हावड़ा की ओर से आने वाली चार से पांच ट्रेनें ही यहां रुकती हैं।
ट्रेनों का ठहराव कम होने से यात्रियों को दूसरे प्लेटफॉर्म तक पहुंचने में परेशानी होती थी। खासकर सामान लेकर चलने वाले बुजुर्गों और परिवारों को असुविधा का सामना करना पड़ता था। मुंबई-हावड़ा मेल का ठहराव बहाल होने से यात्रियों को राहत मिलेगी। इससे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर यात्री सुविधाओं का बेहतर उपयोग भी हो सकेगा।