बिलासपुर
सिविल लाइन सीएसपी दफ्तर और पचपेड़ी थाना भवन का लोकार्पण
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 28 अक्टूबर। बिलासपुर में छत्तीसगढ़ के पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने नए पुलिस भवनों और ई-मालखानों का उद्घाटन किया। इनमें सिविल लाइन स्थित नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) का नया कार्यालय, पचपेड़ी का नया थाना भवन और पचपेड़ी व रतनपुर में ई-मालखाने शामिल हैं।
ई-मालखाने में आपराधिक मामलों से जुड़े जब्त सामान और अन्य संपत्तियों का रिकॉर्ड डिजिटल तरीके से व्यवस्थित किया जाएगा। इससे जब्त सामग्री के सुरक्षित रखरखाव, रिकॉर्ड की निगरानी और जरूरत पडऩे पर उसे खोजने में सुविधा होगी। व्यवस्था से पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
पचपेड़ी में नए थाना भवन से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्यस्थल मिलेगा। साथ ही, स्थानीय लोगों की शिकायतों पर कार्रवाई और पुलिस सेवाओं के संचालन को अधिक व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी।
बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग की पहल पर थानों में डिजिटल व्यवस्था विकसित करने का काम किया जा रहा है। रतनपुर और पचपेड़ी में ई-मालखानों की शुरुआत इसी प्रयास का हिस्सा है। आईजी के मुताबिक इसका उद्देश्य बुनियादी पुलिसिंग को मजबूत करने के साथ आधुनिक तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करना है।
मालूम हो कि डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह जिले में पुलिस अधोसंरचना और सुविधाओं के विस्तार पर काम कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय, रिजर्व लाइन, सीएसपी कार्यालय, बच्चों के खिलाफ अपराधों की जांच इकाई (आईयूसीए) कार्यालय, पचपेड़ी थाना और केंदा पुलिस चौकी सहित कई इकाईयां इनमें शामिल हैं।
इसके अलावा एसडीओपी, सीएसपी और अन्य पुलिसकर्मियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण पर भी काम हुआ है। इनमें कुछ परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि अन्य पर काम जारी है।
पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने जिला पुलिस के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं और संसाधनों के आगे भी विस्तार का भरोसा दिया। रतनपुर थाना निरीक्षण के दौरान हुए इस कार्यक्रम में कोटा एसडीओपी नूपुर उपाध्याय भी उपस्थित रहीं।