बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 13 सितंबर। बिलासपुर जिले के कोटा स्थित ग्राम पंचायत छेरकाबांधा में संचालित वेलकम डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड को पुन: चालू कराने की मांग को लेकर मजदूरों ने शुक्रवार को नेहरू चौक से कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकालकर ज्ञापन सौंपा।
गौरतलब है कि पिछले 30 वर्षों से संचालित इस संस्थान के प्लांट को पर्यावरण/प्रदूषण विभाग के आदेशानुसार तीन महीनों से बंद रखा गया है।
मजदूरों का कहना है कि कंपनी में कार्यरत लगभग 800 महिला व पुरुष श्रमिकों के सामने प्लांट बंद रहने तथा बाहरी स्पिरिट की आपूर्ति रुकने से काम का संकट उत्पन्न हो गया है।
वहीं कंपनी प्रबंधन के अनुसार प्लांट चालू न होने की स्थिति में बॉटलिंग सहित अन्य विभागों का कार्य भी प्रभावित होगा।
मजदूरों ने ज्ञापन के माध्यम से प्रदूषण विभाग से रिपोर्ट प्राप्त कर प्लांट को शीघ्र चालू कराने, मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने तथा प्लांट शुरू होने तक श्रमिकों को वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश जारी करने की मांग की।
बिलासपुर कलेक्टर ने श्रमिकों को मामले की जांच करवाकर समस्या का शीघ्र समाधान करने का आश्वासन दिया है।