बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 28 अगस्त। बेलगहना स्थित श्री सिद्ध बाबा अद्वैत परमहंस आश्रम तथा उससे जुड़े अन्य आश्रमों में श्रावण मास से चल रहे अखंड रुद्राभिषेक कार्यक्रम का गुरुवार को पूर्णाहुति के साथ समापन हुआ।
मुख्य आयोजन में मां नर्मदा आश्रम (उपका), भुलकेश्वर आश्रम (धौराभाठा), सोनसाय नवागांव आश्रम, हनुमानगढ़ आश्रम (कुरुवार), श्री सिद्ध बाबा आश्रम (विचारपुर), नाटेश्वर आश्रम (बस्तीबगरा), गणेशपुरी कारीआम आश्रम, मानस तीर्थ (सोनकुंड) और बकुलमुनी आश्रम (महगा, म.प्र.) शामिल रहे।
सुबह से आचार्यों द्वारा रुद्री पाठ के साथ पूजन, जलाभिषेक एवं श्रृंगार किया गया। इसके पश्चात स्वामी शिवानंद महाराज के सानिध्य में हवन कुंड में पूर्णाहुति दी गई। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने पारद शिवलिंग के दर्शन किए।
स्वामी शिवानंद महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन में भक्ति और सद्गुरु के बताए मार्ग का अनुसरण करने से शांति और संतोष प्राप्त होता है।
पूर्णाहुति के पश्चात आश्रम समिति की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
आयोजन के दौरान प्रथम हॉस्पिटल बिलासपुर द्वारा स्वास्थ्य शिविर लगाकर श्रद्धालुओं का नि:शुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के अलावा महाराष्ट्र, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश से लोग पहुंचे। आयोजन के दौरान पुलिस प्रशासन, आश्रम के स्वयंसेवकों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था का संचालन किया गया।