बिलासपुर

कोटा-अमाली मार्ग जर्जर, ग्रामीणों का सडक़ जाम, दोपहर बाद शुरू हुआ मरम्मत
27-Aug-2026 2:54 PM
कोटा-अमाली मार्ग जर्जर, ग्रामीणों का सडक़ जाम, दोपहर बाद शुरू हुआ मरम्मत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

करगीरोड (कोटा), 27 अगस्त। बिलासपुर जिले के कोटा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत अमाली में कोटा-अमाली मार्ग पर गड्ढों के कारण आवागमन प्रभावित होने से ग्रामीणों एवं छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को प्रदर्शन कर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी। इसके पश्चात लोक निर्माण विभाग और कोलवाशरी प्रबंधन ने मार्ग पर मरम्मत कार्य प्रारंभ कराया।

ग्रामीणों के अनुसार, भारी वाहनों के परिचालन के कारण कोटा से अमाली मार्ग (लगभग 1.5 किलोमीटर) पर स्थान-स्थान पर गड्ढे हो गए हैं। इससे अमाली, लमकनिहापारा, लमेरपारा, बिल्लीबंद और पोड़ी नवागांव के ग्रामीणों, वाहन चालकों तथा 11वीं-12वीं में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। हाल ही में एक ऑटो रिक्शा के अनियंत्रित होकर पलटने की घटना भी सामने आई थी। मार्ग की स्थिति में सुधार न होने के विरोध में ग्राम पंचायत अमाली के सरपंच व स्थानीय निवासियों ने मंगलवार दोपहर करीब एक बजे जेसीबी मशीन से मार्ग अवरुद्ध कर दिया। इसके चलते कोटा-अमाली मार्ग तथा कोटा-रतनपुर मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की कतार लग गई। सूचना मिलने पर कोटा थाना प्रभारी शशिकांत भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, लोक निर्माण विभाग के उप-अभियंता और कोलवाशरी प्रबंधन के कर्मचारियों के बीच वार्ता कराई।

सहमति बनने के उपरांत दोपहर बाद लोक निर्माण विभाग और कोलवाशरी प्रबंधन द्वारा जेसीबी मशीन के माध्यम से गड्ढों में डब्ल्यूएमएम एवं डस्ट डालकर मार्ग का भराव व समतलीकरण कार्य शुरू कराया गया।

ग्रामीण हितेंद्र सिंह कंवर ने बताया कि भारी वाहनों के आवागमन से सडक़ की स्थिति खराब हुई है। यदि शीघ्र ही मार्ग की स्थायी मरम्मत नहीं कराई गई, तो ग्रामीण बिलासपुर कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेंगे।

ग्रामीण छोटू जायसवाल ने कहा कि  समय पर सडक़ का निर्माण नहीं होने की स्थिति में आगामी दिनों में जिला स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा।


अन्य पोस्ट