बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 6 अगस्त। ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, पोषण सुरक्षा एवं सतत आजीविका को सुदृढ़ करने की दिशा में जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था द्वारा संचालित गरिमा ग्रामीण आत्मनिर्भर रोजगारी मंच ने ग्राम बहेरामुड़ा फुलवारीपारा , विकासखंड कोटा में आत्मनिर्भर पोषण परियोजना के अंतर्गत एकीकृत बकरी एवं मुर्गी पालन इकाई की स्थापना की। इस इकाई का विधिवत् लोकार्पण गोपाल शरण सिंह तंवर, संयुक्त संचालक, पशु स्वास्थ्य सेवाएं, जिला बिलासपुर के करकमलों द्वारा किया गया।
इस अवसर पर बैगा जनजाति के महिला स्व-सहायता समूह को यह एकीकृत बकरी एवं मुर्गी पालन इकाई हस्तांतरित की गई, जिसका संचालन, रख-रखाव एवं प्रबंधन पूर्णत: समूह की महिलाओं द्वारा किया जाएगा। यह पहल जनजातीय महिलाओं को स्थानीय स्तर पर स्थायी एवं सम्मानजनक आजीविका, नियमित आय तथा आर्थिक आत्मनिर्भरता से जोडऩे की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
यह इकाई एकीकृत टिकाऊ खेती एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता मॉडल पर आधारित है, जिसमें बकरी पालन, मुर्गी पालन, मत्स्य पालन, जैविक खाद निर्माण तथा जैविक खेती को एक-दूसरे का पूरक बनाया गया है। इस समन्वित मॉडल से कृषि एवं पशुपालन के बीच संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित होता है, जिससे कम लागत में अधिक उत्पादन, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, संतुलित पोषण तथा वर्षभर आय के विविध स्रोत विकसित होते हैं।
अपने उद्बोधन में गोपाल शरण सिंह तंवर ने कहा कि इस प्रकार की पहल जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, पशुपालन आधारित उद्यमिता और आत्मनिर्भर आजीविका को नई दिशा प्रदान करेगी। उन्होंने जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पशु स्वास्थ्य विभाग एवं जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था भविष्य में समन्वित रूप से कार्य करेंगे, ताकि ग्रामीण एवं जनजातीय परिवारों को बकरी बीमा, बकरी पालन, गौ-पालन, डेयरी विकास, मुर्गी पालन सहित विभाग की विभिन्न पशुपालन योजनाओं का अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विभाग एवं संस्था की यह साझेदारी ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने, रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था के वरिष्ठ डॉ. गजानन फूटके ने कहा कि आज लगातार घटती कृषि जोत, बढ़ती जनसंख्या तथा सीमांत एवं भूमिहीन किसानों के समक्ष आजीविका का संकट एक गंभीर चुनौती बन चुका है। रोजगार के सीमित अवसरों के कारण बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों का शहरों की ओर पलायन हो रहा है। ऐसे समय में एकीकृत बकरी, मुर्गी एवं मत्स्य पालन जैसे आजीविका मॉडल ग्रामीण विकास के लिए मील का पत्थर सिद्ध होंगे। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार का सृजन होगा, पलायन में कमी आएगी, परिवारों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार उपलब्ध होगा तथा महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि जब गाँव आत्मनिर्भर बनेंगे, तभी विकसित भारत का सपना साकार होगा। स्थानीय संसाधनों पर आधारित ऐसे मॉडल भविष्य के आत्मनिर्भर एवं समृद्ध ग्रामीण भारत की मजबूत आधारशिला हैं।
कार्यक्रम में डॉ. आनंद रघुवंशी पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, बेलगहना, डॉ. अनिमेश जायसवाल पशु चिकित्सा सहायक शल्यज्ञ, कोटा, एम. आर. पटेल एवं एस. पी. खरे सहायक पशु चिकित्सा क्षेत्र अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्याएँ, ग्रामीणजन एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जन स्वास्थ्य सहयोग संस्था की ओर से डॉ. गजानन फूटके, अनिल बामने, अंशुल मिश्रा, वरिष्ठ मार्गदर्शक साथियों एवं फील्ड टीम ने सक्रिय सहभागिता की।