बिलासपुर

शराब के नशे में पिता की लाठी से कर दी हत्या
18-Jul-2026 1:53 PM
शराब के नशे में पिता की लाठी से कर दी हत्या

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 18 जुलाई। बिलासपुर जिले के रतनपुर थाना क्षेत्र में शराब के नशे में घर लौटे एक बेटे ने पिता की डांट से गुस्साकर उन पर लाठी से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने खुद अपने रिश्तेदार के घर पहुंचकर हत्या की बात स्वीकार कर ली। रतनपुर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को नवागांव (गिरजाबंद) निवासी विमल सूर्यवंशी ने रतनपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके मामा शिवचरण सूर्यवंशी उर्फ पिंटू (38) उसके घर पहुंचे और बताया कि उन्होंने अपने पिता रिखीराम सूर्यवंशी की हत्या कर दी है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह शराब पीकर देर रात घर लौटा था। उस समय उसके पिता चारपाई पर लेटे हुए थे। उन्होंने बेटे को शराब पीने और देर से आने पर फटकार लगाई। इससे नाराज होकर उसने पास में रखी लकड़ी की लाठी उठाई और पिता के सिर पर जोरदार वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से रिखीराम सूर्यवंशी की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया और वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल आरोपी के घर की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद आरोपी शिवचरण सूर्यवंशी उर्फ पिंटू को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है। 


अन्य पोस्ट