बिलासपुर

रिटायर्ड एसआई का फंदे से लटका मिला शव
16-Jul-2026 6:33 PM
रिटायर्ड एसआई का फंदे से लटका मिला शव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 16 जुलाई। शहर के सरकंडा थाना क्षेत्र स्थित चटर्जी गली में पुलिस विभाग के सेवानिवृत्त निरीक्षक सीताराम गुप्ता का शव उनके कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल कारण का पता नहीं चल सका है।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे सीताराम गुप्ता घर पर मौजूद थे। कुछ देर बाद वे अपने कमरे में चले गए। जब काफी समय तक बाहर नहीं निकले तो परिजन उन्हें देखने पहुंचे। कमरे का दृश्य देखकर उनके होश उड़ गए। सीताराम गुप्ता फंदे से लटके हुए थे।

घटना के बाद परिजनों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और तत्काल सरकंडा पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए चीरघर भेजा गया।

प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है, लेकिन अभी तक आत्महत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।


अन्य पोस्ट