बिलासपुर

खोंगसरा-टेंगनमाड़ा सूखानाला में भालू का शव मिला, जांच शुरु
11-Jul-2026 4:10 PM
खोंगसरा-टेंगनमाड़ा सूखानाला में  भालू का शव मिला, जांच शुरु

चोट के निशान,  पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

करगीरोड (कोटा), 11 जुलाई। बिलासपुर वन परिक्षेत्र के खोंगसरा-टेंगनमाड़ा के बीच स्थित सूखानाला में एक भालू का शव पाया गया है। भालू का शव मिलने की सूचना पर स्थानीय ग्रामीण और वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुँचे। वन विभाग की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

ग्रामीणों से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उक्त भालू भोजन और पानी की तलाश में पिछले कुछ समय से जंगल से निकलकर आसपास के गांवों और तेंदूपत्ता फड़ों के पास देखा जा रहा था। बुधवार को उसकी लाश देखी गई।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि भालू की उम्र अधिक थी और उसे सुनने में भी समस्या थी। ग्रामीणों का आरोप है कि समय रहते भालू का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित स्थान पर नहीं पहुँचाया गया।

शव के निरीक्षण के दौरान भालू के शरीर पर कुछ स्थानों पर चोट के निशान और एक पंजे के नाखून के पास क्षति देखी गई है, जिसे लेकर लोगों द्वारा आशंकाएं व्यक्त की जा रही हैं। वन विभाग के अनुसार, इन चोटों का वास्तविक कारण और मौत से इनका संबंध पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

इस घटना पर सामाजिक कार्यकर्ता प्रदीप शर्मा ने वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा- क्षेत्र में वन्यजीवों की मौत के मामले सामने आ रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों के माध्यम से सरकार को पत्र लिखकर शिकायतें भेजी गई हैं। वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए चिन्हित क्षेत्रों में नियमित निगरानी, त्वरित रेस्क्यू टीम का गठन, वनों के भीतर जल स्रोतों का संरक्षण और मानव-वन्यजीव द्वंद्व को रोकने के लिए योजना बनाना आवश्यक है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले कुछ समय में क्षेत्र के भीतर हिरण, तेंदुए और अब भालू की मौत की घटनाएं हुई हैं। ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा करने और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट