बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 23 जून। अमाली ग्राम पंचायत में विराज अर्थफ्यूजन प्राइवेट लिमिटेड की कोलवाश्री परियोजना से संबंधित जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया, जबकि कुछ ग्रामीणों ने परियोजना के समर्थन में अपनी राय व्यक्त की। रोजगार, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़ और पानी जैसे मुद्दों पर जनसुनवाई में सवाल उठाए गए।
कार्यक्रम के दौरान कुछ स्थानीय कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन के समक्ष माइक के माध्यम से अपनी आपत्तियां और सवाल रखे। वहीं, परियोजना क्षेत्र की 16 पंचायतों के कुछ जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने भी अपनी आपत्तियां दर्ज कराईं।
जनसुनवाई स्थल के बाहर परियोजना के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। इस दौरान वहां विवाद की स्थिति बनी। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि समर्थन पत्र को लेकर आपत्ति जताई गई और पत्र फाड़ दिया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया।
जनसुनवाई के दौरान कोटा ब्लॉक कांग्रेस के दो पूर्व अध्यक्ष विरोध प्रदर्शन में सक्रिय दिखाई दिए। वहीं, वर्तमान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय रही। जनसुनवाई के दौरान कांग्रेस नेताओं के बीच परियोजना को लेकर अलग-अलग मत भी सामने आए। कुछ नेताओं ने परियोजना का विरोध किया, जबकि कुछ ने जिला प्रशासन और कंपनी प्रबंधन से पर्यावरण संरक्षण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़ और पानी जैसे मुद्दों पर जवाब मांगे।
स्थानीय स्तर पर सत्तारूढ़ दल के कुछ कार्यकर्ता भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। पिछली जनसुनवाई के दौरान विरोध दर्ज कराने वाले कुछ जनपद सदस्यों की इस बार अनुपस्थिति भी चर्चा में रही। इस संबंध में उनका कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
स्थानीय युवाओं को रोजगार देना प्राथमिकता- विराज अर्थफ्यूजन प्रबंधन
विराज अर्थफ्यूजन प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा कि जनसुनवाई जिला प्रशासन और पर्यावरण संबंधी नियमों के अनुसार आयोजित की गई। प्रबंधन के अनुसार, स्थानीय ग्राम पंचायतों के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
प्रबंधन ने यह भी कहा कि वह सीएसआर मद के तहत पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा, स्वास्थ्य, सडक़, पानी और बिजली जैसी सुविधाओं के क्षेत्र में कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा प्रबंधन पर बाहरी बाउंसर बुलाकर स्थानीय लोगों को धमकाने के लगाए गए आरोपों पर कंपनी प्रबंधन ने कहा कि ये आरोप निराधार हैं।