बिलासपुर

कोटा जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव
16-Jun-2026 6:38 PM
कोटा जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव

भाजपा ने तीन पदाधिकारियों को थमाया नोटिस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 16 जून। कोटा जनपद पंचायत में अध्यक्ष के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के जिला ग्रामीण संगठन ने सख्त रुख अपनाया है। पार्टी ने इस मामले में अनुशासनहीनता का आरोप लगाते हुए तीन जनप्रतिनिधियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।

भाजपा जिला ग्रामीण अध्यक्ष मोहित जायसवाल द्वारा जारी नोटिस में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष मनोहर सिंह राज तथा सभापति रघुबीर आर्मो और उर्मिला प्रधान से तीन दिनों के भीतर अपना पक्ष रखने को कहा गया है। इन जनप्रतिनिधियों की भूमिका कोटा जनपद पंचायत अध्यक्ष सूरज सढेलाल भारद्वाज के विरुद्ध लाए गए अविश्वास प्रस्ताव से जुड़ी हुई है। पार्टी संगठन के अनुसार, संबंधित पदाधिकारियों ने विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों के साथ समन्वय कर दस सदस्यों के हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन बिलासपुर कलेक्टर को सौंपा था। इस ज्ञापन में जनपद अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की मांग की गई। भाजपा ने इसे संगठनात्मक अनुशासन के विरुद्ध गंभीर कदम माना है।

नोटिस में कहा गया है कि लगभग एक वर्ष पूर्व हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दौरान पार्टी द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में जनपद पंचायत अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का निर्वाचन सर्वसम्मति से हुआ था। ऐसे में पार्टी नेतृत्व को विश्वास में लिए बिना अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाना संगठन की मर्यादा और अनुशासन का उल्लंघन है।

जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि संबंधित जनप्रतिनिधियों का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो उनके खिलाफ संगठनात्मक स्तर पर कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।

इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, संभाग प्रभारी रामू रोहरा, जिला संगठन प्रभारी प्रबल प्रताप सिंह जूदेव तथा विधानसभा प्रभारी रामसेवक पैकरा को भी भेजी गई है।


अन्य पोस्ट