बिलासपुर
महिला यात्रियों को बनाते थे निशाना, 1.74 लाख के जेवर और नकदी बरामद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 18 मई। टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में महिला यात्रियों के जेवर चोरी करने वाले झारखंड के एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए आरपीएफ टास्क टीम-एक और जीआरपी ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरोह में दो पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं, जो ट्रेन में साड़ी बेचने के बहाने भीड़भाड़ वाले डिब्बों में घुसकर महिलाओं के पर्स और बैग से जेवर पार कर देते थे।
सीपत थाना क्षेत्र के कौड़िया गांव निवासी सोनाली पटेल 3 मई को अपने पिता के साथ जयरामनगर स्टेशन से किरोड़ीमलनगर जाने के लिए टिटलागढ़ पैसेंजर ट्रेन में सवार हुई थीं। शाम करीब 7:10 बजे ट्रेन में चढ़ते समय किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके हैंडबैग की चेन खोलकर पर्स में रखा जेवरों का डिब्बा चोरी कर लिया। डिब्बे में नेकलेस सेट, झुमके, रानीहार, अंगूठी और मंगलसूत्र सहित करीब 1.74 लाख रुपये के आभूषण थे।
शिकायत मिलने के बाद बिलासपुर जीआरपी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आरपीएफ टास्क टीम ने रेलवे स्टेशन और विभिन्न स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साइबर सेल की मदद से संदिग्ध मोबाइल नंबरों का डंप डाटा और कॉल डिटेल रिकॉर्ड निकाला गया। तकनीकी जांच के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई।

रविवार शाम करीब 6 बजे बिलासपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म 4 और 5 के हावड़ा छोर पर संदिग्ध गतिविधियां करते कुछ लोग दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। महिला आरक्षकों की मदद से तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से दो सोने के रानी हार, मंगलसूत्र, सोने की चेन, झुमके, अंगूठी और 21,500 रुपये नकद बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गिरोह बनाकर ट्रेनों में साड़ी बेचने के बहाने घूमते थे और भीड़ का फायदा उठाकर महिला यात्रियों के जेवर चोरी करते थे। गिरफ्तार आरोपियों में तुषार पासवान, विरासत पासवान, मोनिका बेद, मनी देवी, मामुनी केवरा और सुजाता केवरा शामिल हैं। सभी आरोपी झारखंड के जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।


