बिलासपुर

महिला के नाम फर्जी बीमा क्लेम, 5 वकीलों के खिलाफ एफआईआर
18-Apr-2026 3:05 PM
महिला के नाम फर्जी बीमा क्लेम, 5 वकीलों के खिलाफ एफआईआर

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 18 अप्रैल। जिला न्यायालय के मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में फर्जी बीमा क्लेम का मामला सामने आया है। जशपुर जिले के बगीचा क्षेत्र की एक महिला के नाम पर सड़क दुर्घटना मुआवजे का दावा दाखिल किया गया, लेकिन जब महिला स्वयं अदालत में पेश हुई तो उसने इस पूरे मामले से साफ इनकार कर दिया।

अदालत के निर्देश पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने एक ग्रामीण, पांच अधिवक्ताओं और एक नोटरी के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज किया है।  

जानकारी के अनुसार, कोर्ट में प्रेमिका कुजूर बनाम मुरली यादव शीर्षक से मोटर दुर्घटना मुआवजा दावा पेश किया गया था। सुनवाई के दौरान जब संदेह उत्पन्न हुआ तो 13 मार्च को आवेदिका प्रेमिका कुजूर को बलाकर उसका बयान दर्ज किया गया। महिला ने कोर्ट में कहा कि उसने न तो कोई दावा प्रस्तुत किया है और न ही किसी दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए हैं। इतना ही नहीं, उसने किसी भी वकील को वकालतनामा देने से भी इनकार कर दिया।

जांच में यह भी सामने आया कि शपथ पत्र बिना आवेदिका की वास्तविक उपस्थिति के ही नोटरी से प्रमाणित करा लिए गए थे। अदालत ने इसे न्यायिक प्रक्रिया में झूठे साक्ष्य गढ़ने और आपराधिक साजिश का मामला माना है। इस संबंध में नोटरी अधिवक्ता संतोष कुमार यादव के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि अनजान ग्रामीणों के नाम का दुरुपयोग कर मुआवजा राशि हड़पने की कोशिश की गई। कोर्ट के प्रस्तुतकर्ता जनेंद्र दुबे की शिकायत पर पुलिस ने जॉनी कुजूर निवासी जशपुर, सहित अधिवक्ता एन.पी. चंद्रवंशी, भगवती कश्यप, शुभम चंद्रवंशी और सूरज कुमार के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।


अन्य पोस्ट