बिलासपुर

रतनपुर की खूनी वारदात में पुलिस पर लगा लापरवाही का आरोप
02-Apr-2026 1:01 PM
रतनपुर की खूनी वारदात में पुलिस पर लगा लापरवाही का आरोप

पीड़ितों ने एक दिन पहले की थी थाने में शिकायत नहीं हुई सुनवाई
'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 2 अप्रैल। रतनपुर के पास पंडरवा गांव में हुई खौफनाक वारदात ने एक बार फिर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार बढ़ते विवाद और शिकायतों के बावजूद कार्रवाई न होने का नतीजा यह हुआ कि एक परिवार पर तलवार से हमला कर दिया गया, जिसमें 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की मौत हो गई और 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

मालूम हो कि सुरेश श्रीवास को अपनी पत्नी और शेख सलीम के बीच अवैध संबंध का शक था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। यह विवाद धीरे-धीरे नफरत में बदलता गया और आखिरकार बुधवार को हिंसा में बदल गया।

हमले की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आरोपियों ने बच्चों तक को नहीं छोड़ा। एक बच्ची की हालत इतनी गंभीर है कि उसके शरीर के अंदरूनी अंग बाहर आ गए और उसका ऑपरेशन चल रहा है। 12 वर्षीय अयान की नाक काट दी गई, जिसे डॉक्टरों ने जोड़ने का प्रयास किया। वहीं 13 और 16 साल की बच्चियों के सिर पर तलवार से वार कर गंभीर चोट पहुंचाई गई। दो महिलाओं पर भी जानलेवा हमला किया गया।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि घटना से पहले कई बार रतनपुर थाना में शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। घटना के एक दिन पहले भी उन्हें यह कहकर लौटा दिया गया कि वीआईपी ड्यूटी है, आपस में समझौता कर लो।

अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने इस मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि यदि पुलिस समय रहते हस्तक्षेप करती, तो यह घटना टल सकती थी। उन्होंने संबंधित थाना और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।


अन्य पोस्ट