बिलासपुर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
करगीरोड (कोटा), 31 मार्च। श्री साईं बाबा सेवा आश्रम, कोटा में रामनवमी के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर साईं बाबा के दर्शन किए और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। आश्रम में वर्ष 1972 से साईं बाबा की धूनी प्रज्वलित हो रही है, जो श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह काकड़ आरती से हुई। इसके बाद स्नान एवं पूजा-अर्चना की गई। दोपहर में महाभोग अर्पित किया गया और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
दोपहर के बाद साईं सच्चरित्र पाठ और महासमाधि पर चादर अर्पित की गई। शाम को साईं बाबा की पालकी शोभायात्रा नगर भ्रमण के लिए निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु शामिल हुए। आश्रम के संस्थापक कैलाश चंद्र गुप्ता ने कहा कि आश्रम का संचालन भक्तों के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में आश्रम समिति द्वारा श्रद्धालुओं और सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


