बिलासपुर

बिलासपुर रेंज के हर थाने में फरियाद के लिए लगेगा क्यूआर कोड
24-Jan-2026 1:30 PM
बिलासपुर रेंज के हर थाने में फरियाद के लिए लगेगा क्यूआर कोड

आईजी बने रामगोपाल गर्ग ने पदभार संभाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 24 जनवरी। बिलासपुर पुलिस रेंज को नया नेतृत्व मिल गया है। शुक्रवार, 23 जनवरी  को 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी रामगोपाल गर्ग ने बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि अब थानों में मनमानी नहीं चलेगी और पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाया जाएगा।

आईजी गर्ग ने कहा कि रेंज के प्रत्येक थाने में क्यूआर कोड लगाए जाएंगे, ताकि पीड़ित और आम नागरिक सीधे वरिष्ठ अधिकारियों तक अपनी शिकायत पहुंचा सकें। इससे न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली पर निगरानी बढ़ेगी, बल्कि पीड़ितों को भी त्वरित सुनवाई का अवसर मिलेगा।

मीडिया से चर्चा में आईजी गर्ग ने बताया कि आधुनिक तकनीक और मोबाइल ऐप्स के जरिए पुलिसिंग को स्मार्ट बनाया जाएगा। दुर्ग रेंज में सफल रहे ‘त्रिनयन’ और ‘सशक्त’ ऐप्स को अब बिलासपुर रेंज में भी लागू किया जाएगा। इससे अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी की प्रक्रिया और तेज होगी।

 

पदभार ग्रहण के अवसर पर कलेक्टर Sanjay Agarwal और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह मौजूद रहे। इस दौरान एसएसपी राजनेश सिंह ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नए आईजी का स्वागत किया।

आईजी रामगोपाल गर्ग इससे पहले रायगढ़, राजनांदगांव, सरगुजा और दुर्ग जिलों व रेंज मुख्यालयों में पुलिस अधीक्षक, उप पुलिस महानिरीक्षक और पुलिस महानिरीक्षक के पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पदभार संभालने के बाद उन्होंने जिले के सभी राजपत्रित पुलिस अधिकारियों से शिष्टाचार भेंट भी की।


अन्य पोस्ट