बिलासपुर
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 1 जनवरी। नववर्ष से पहले बिलासपुर पुलिस ने गुम हो चुके करीब 100 मोबाइल फोन उनके असली मालिकों को वापस लौटाए। इन मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई जा रही है। छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ-साथ मध्य प्रदेश, झारखंड, ओडिशा और महाराष्ट्र से जुड़े मोबाइल भी इस अभियान में बरामद किए गए।
मोबाइल वापस पाकर वे लोग खासे भावुक और खुश नजर आए, जिन्होंने इन्हें पाने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी।
जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों से गुम मोबाइल की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रजनेश सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि गुम मोबाइलों की तलाश कर उन्हें संबंधित धारकों तक पहुंचाया जाए।
इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण व एसीसीयू) अनुज कुमार के मार्गदर्शन में ए.सी.सी.यू. बिलासपुर और जिले के सभी थाना स्टाफ ने संयुक्त रूप से चेतना अभियान के तहत तकनीकी व मैदानी प्रयास किए।


