बिलासपुर

चावल लेकर फरार ट्रक चालक बिहार से गिरफ्तार, बेचकर कर दी बेटी की शादी
31-Dec-2025 1:39 PM
चावल लेकर फरार ट्रक चालक बिहार से गिरफ्तार, बेचकर कर दी बेटी की शादी

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 31 दिसंबर। तखतपुर थाना क्षेत्र से 25 टन चावल लेकर बिहार फरार हुए ट्रक चालक को तखतपुर पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने चावल बेचकर मिली रकम अपनी बेटी की शादी में खर्च करने की बात स्वीकार की है।

मामले के अनुसार 8 नवंबर 2024 को सत्यम रोड लाइंस रायपुर ट्रांसपोर्ट के संचालक बृजेश कुमार सिंह ने तखतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि नवरंग राइस मिल तखतपुर से ट्रक क्रमांक बीआर 01 जीएम 7496 में 25 टन चावल लोड कर चालक अमरनाथ चौधरी को बिहार के आरा (भोजपुर) स्थित डिस्टिलरी यूनिट पहुंचाना था लेकिन चालक ने तय गंतव्य पर चावल नहीं पहुंचाया और पूरा माल गबन कर फरार हो गया।

मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने धारा 316 (3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान घटना में प्रयुक्त ट्रक को बिहार के चकसिकंदर क्षेत्र स्थित सुरत्जा पेट्रोल पंप से जब्त कर लिया गया था, लेकिन चालक फरार था।
मुखबिर की सूचना, सीडीआर और टावर लोकेशन के आधार पर तखतपुर पुलिस की टीम बिहार पहुंची और आरोपी को हाजीपुर से गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपी अमरनाथ चौधरी (50 वर्ष) निवासी ग्राम धंधुआ बिचलाटोला, थाना जंदाहा, जिला वैशाली ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने चावल को बिहार की एक दुकान में 6 लाख रुपये में बेच दिया।
उसने बताया कि चावल की बिक्री से मिली 5 लाख 99 हजार रुपये बेटी की शादी में खर्च कर दिए, जबकि शेष 1000 रुपये उसके पास बचे थे।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

 


अन्य पोस्ट