बिलासपुर
मेयर इन काउंसिल की बैठक में सामान्य सभा की तैयारी
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 31 दिसंबर। नगर निगम विकास भवन में मंगलवार को मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में काफी चर्चा और हो-हंगामे के बीच शहर विकास से जुड़े कुल 52 प्रस्ताव पारित किए गए। इसी दौरान स्वामी विवेकानंद उद्यान (कंपनी गार्डन) में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर रोक लगाने का निर्णय लिया गया।
एमआईसी की बैठक में तय किया गया कि कंपनी गार्डन में अब किसी भी तरह के लाउडस्पीकर या ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नहीं किया जाएगा। छुट्टियों के दौरान कई समूह यहां सभाएं और गीत-संगीत कार्यक्रम आयोजित करते थे, जिससे आम लोगों को परेशानी होती थी। निगम का मानना है कि इस फैसले से उद्यान में आने वाले नागरिकों को शांत वातावरण मिलेगा।
बैठक में सभी वार्डों में सौंदर्यीकरण, नाली, पानी, सड़क और बिजली से जुड़े कार्यों पर प्रस्ताव रखे गए। दुकानों की नीलामी, पुराने बस स्टैंड और इमलीपारा रोड स्थित कॉम्प्लेक्स की नीलामी प्रक्रिया को लेकर एमआईसी सदस्यों ने सवाल उठाए और निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी भी जताई।
वार्डों में विकास कार्यों में हो रही देरी को लेकर भी सदस्यों ने चिंता व्यक्त की।
बैठक में नए वर्ष में नगर निगम की सामान्य सभा बुलाने की तैयारी पर भी चर्चा हुई। संभावना जताई जा रही है कि 15 जनवरी के बाद निगम की सामान्य सभा आहूत की जाएगी।
अधोसंरचना मद के अंतर्गत मराठी पुत्री शाला भवन में विद्युतीकरण और खिड़कियों में एल्युमिनियम कार्य, चिल्हाटी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट एवं 54 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट दोमुहानी के 12 माह संचालन तथा वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 38 नालों के निर्माण का प्रस्ताव तैयार किया गया। इन कार्यों के लिए कुल 151 करोड़ की राशि प्रस्तावित है।
बैठक में महापौर पूजा विधानी नवनियुक्त नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे, सभापति विनोद सोनी सहित एमआईसी सदस्य विजय ताम्रकार, श्याम साहू, बंधु मौर्य, सुनीता जगत, प्रकाश यादव और मोती गंगवानी मौजूद रहे। महापौर ने एमआईसी सदस्यों को नए आयुक्त से परिचित कराया और सभी ने उनका स्वागत किया।


