बिलासपुर
जनदर्शन में समस्याएं लेकर पहुंची भीड़
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 31 दिसंबर। साप्ताहिक जनदर्शन में मंगलवार को बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे और जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल ने संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनदर्शन में तखतपुर विकासखंड के ग्राम गुटेना निवासी रामायण श्रीवास ने प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त न मिलने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि किश्त मिलने की उम्मीद में कर्ज लेकर मकान पूरा कर लिया, लेकिन दो साल बीतने के बाद भी अंतिम किश्त नहीं मिली। इस मामले में तखतपुर जनपद पंचायत सीईओ को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कोनी निवासी आदिवासी किसान पुरूषोत्तम गोंड ने ग्राम गतौरा में भांचा दान से प्राप्त भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराने के लिए आवेदन दिया। किसान का आरोप है कि गांव के नारायण राठौर और उनके पुत्र पिछले करीब 15 वर्षों से उनकी जमीन पर कब्जा किए हुए हैं। प्रकरण को एसडीएम को भेजते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनदर्शन में बड़ी संख्या में किसानों ने एग्रीस्टेक पंजीयन और रकबा छूटने से जुड़ी शिकायतें दर्ज कराईं। गनियारी के किसान मोहनलाल साहू ने बताया कि हल्का पटवारी द्वारा गिरदावरी में धान फसल दर्ज नहीं करने से वह फसल बिक्री से वंचित हैं। तहसीलदार सकरी को तत्काल प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
मस्तूरी के ग्राम भगवानपाली निवासी किसान लाल बहादुर राय ने ट्रैक्टर खरीदे डेढ़ साल बीतने के बाद भी आरसी बुक नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर आरटीओ को तत्काल आरसी जारी करने को कहा गया।
वहीं, बिल्हा विकासखंड के ग्राम बरतोरी के किसान मनोज कुमार कौशिक ने धान बेचने के लिए तीसरे टोकन की मांग रखी। खाद्य नियंत्रक को आवेदन भेजकर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
तालापारा मरार गली निवासी प्रीति गांगवाने ने अटल आवास योजना के तहत आवास की मांग की। उन्होंने बताया कि पति द्वारा छोड़े जाने के बाद वह बच्चों के साथ किराये के मकान में रहकर कठिन जीवन जी रही हैं।


