बिलासपुर

एक ही दिन दो हादसे, मां के अंतिम दर्शन कर लौटते बेटे और दोस्त की गई जान
13-Dec-2025 7:32 PM
एक ही दिन दो हादसे, मां के अंतिम दर्शन कर लौटते बेटे और दोस्त की गई जान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 13 दिसंबर। तखतपुर थाना क्षेत्र में एक ही दिन हुए दो सडक़ हादसों ने अरईबंद गांव के लोगों को मातम में डुबो दिया। पहले मां की मौत हुई और फिर उसी की सूचना देकर लौट रहे बेटे व उसके दोस्त की भी सडक़ दुर्घटना में जान चली गई। 

तखतपुर थाना अंतर्गत ग्राम अरईबंद निवासी इंद्राबाई बंजारे की तबीयत कुछ दिनों से खराब थी। गुरुवार शाम करीब चार बजे उनके पति सुखचैन बंजारे उन्हें दुपहिया वाहन से तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे। रास्ते में अचानक बाइक से गिरने के कारण वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मां की मौत की सूचना मिलने पर उनका बेटा संत बंजारे अपने मित्र जितेंद्र बंजारे के साथ बाइक से तखतपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचा। दोनों ने अस्पताल में अंतिम दर्शन किए। इसके बाद वे गांव के अन्य परिजनों को सूचना देने के लिए रात करीब नौ बजे वापस निकले। इसी दौरान ग्राम खपरी के पास सडक़ किनारे खड़े एक ट्रक से उनकी बाइक जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि संत बंजारे और जितेंद्र बंजारे की मौके पर ही मौत हो गई।

एक ही दिन में मां, बेटे और उसके दोस्त की मौत से गांव में शोक का माहौल है। शुक्रवार को गांव से तीन अर्थियां एक साथ उठीं। परिजनों ने मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।


अन्य पोस्ट