बिलासपुर

धान खरीदी के लिए नए कर्मचारियों को ट्रेनिंग
14-Nov-2025 1:55 PM
धान खरीदी के लिए नए कर्मचारियों को ट्रेनिंग

 हड़ताल के बीच प्रशासन ने संभाली कमान

छत्तीसगढ़' संवाददाता 

बिलासपुर, 14 नवंबर। समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होने से पहले समिति कर्मचारियों की हड़ताल ने जिला प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी थीं। ऐसे में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था लागू करते हुए राजस्व, कृषि, खाद्य और सहकारिता विभाग के कर्मचारियों को समिति प्रबंधक और धान खरीदी प्रभारी की जिम्मेदारी सौंप दी है। गुरुवार को जिले के 140 उपार्जन केंद्रों पर धान खरीदी सुचारू रूप से चलाने के लिए इन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर अग्रवाल ने कर्मचारियों से कहा कि खरीदी प्रक्रिया किसानों के लिए बिना परेशानी और पूरी तरह पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने धान खरीदी केंद्रों में समुचित व्यवस्था, समय पर तैयारी और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यह वैकल्पिक व्यवस्था किसानों के हितों की रक्षा के लिए की गई है।

कर्मचारियों को बारदाना उपलब्धता, टोकन वितरण, धान का वजन, गुणवत्ता परीक्षण, भुगतान प्रक्रिया और रिकॉर्ड प्रबंधन जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी दी गई। जिन समितियों के पास एक से अधिक उपार्जन केंद्र हैं, वहां वित्तीय आहरण-संवितरण का अधिकार मुख्यालय में पदस्थ धान खरीदी प्रभारी को दिया गया है। अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि किसी भी केंद्र पर किसान को जरा भी दिक्कत न आए।
प्रशिक्षण सत्र में खाद्य नियंत्रक अमृत कुजुर, डीएमओ, सहायक खाद्य अधिकारी, सहकारिता निरीक्षक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, खाद्य निरीक्षक, समिति प्रबंधक और पर्यवेक्षक शामिल हुए।

 


अन्य पोस्ट