बिलासपुर
छत्तीसगढ़' संवाददाता
बिलासपुर, 1 नवंबर। देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शुक्रवार को बिलासपुर में ‘रन फॉर यूनिटी’ (एकता दौड़) का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में बच्चों ने हिस्सा लिया। सभी ने नेहरू चौक से रिवर व्यू तिरंगा पॉइंट तक दौड़ लगाकर ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया।
विधायक अमर अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत की। इस मौके पर विधायक धरमलाल कौशिक, धर्मजीत सिंह, महापौर पूजा विधानी, हर्षिता पांडे और कलेक्टर संजय अग्रवाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे। विधायक कौशिक ने सरदार पटेल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने रियासतों को जोड़कर भारत की एकता को मजबूत किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय एकता और सद्भावना का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया।


